शिवपुरी। मध्य प्रदेश पुलिस की पहल पर जिला पुलिस बल द्वारा शिवपुरी स्थित दून पब्लिक स्कूल में 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के अंतर्गत डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर सतर्कता विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।
निरीक्षक रजनी सिंह चौहान ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी भी वीडियो कॉल या फोन पर किसी को गिरफ्तार नहीं करती। यदि कोई इस प्रकार धमकाए तो तुरंत निकटतम थाने या साइबर पुलिस से संपर्क करें।
साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह जाट ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्रों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड रखने, समय-समय पर पिन बदलने तथा ऑनलाइन गेमिंग और अनजान व्यक्तियों के संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी।
आरक्षक जलज रावत ने बताया कि साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा शिवपुरी साइबर सेल के मोबाइल नंबर 70491 23288 पर भी सूचना दी जा सकती है।
कार्यक्रम में देहात थाना के सहायक उपनिरीक्षक सुमित सिंह सेंगर, आरक्षक मिथुन कुशवाह, आरक्षक लखन बघेल एवं महिला आरक्षक अंजली शर्मा ने भी छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अखलाक खान एवं प्राचार्य अभिजीत घोषाल ने पुलिस अधिकारियों का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। कार्यक्रम का आभार विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान एवं शाहिद खान ने व्यक्त किया।








