शिवपुरी।
सोमवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंचे सैकड़ों मरीजों को पंजीयन नहीं होने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही पंजीयन काउंटर पर महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतारें लगी रहीं। मरीज और उनके परिजन घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल बना रहा।
इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों ने बताया कि पंजीयन कार्य समय पर शुरू नहीं होने से उन्हें लंबे समय तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। कई बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार मरीज भी घंटों इंतजार करने को मजबूर रहे। मरीजों का कहना था कि मेडिकल कॉलेज में पंजीयन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि इलाज के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।








