बच्चों सहित माता-पिता में छाई निराशा
शिवपुरी। विगत एक वर्ष से कोरोना महामारी के चलते बच्चे घरों में कैद हैं। स्कूल शिक्षा का सत्र 2020-21 पूरी तरह से कोरोना की भेंट चढ़ गया और एक दिन भी कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की स्कूलों में नियमिति कक्षाएं नहीं लग सकीं, परंतु इस वर्ष बच्चों में छाई निराशा और जकडऩ को दूर करने की पहल देश के प्रतिष्ठित दून पब्लिक स्कूल नई दिल्ली की शिवपुरी शाखा द्वारा करने का प्रयास किया और ऊर्जा वर्कशॉप के आयोजन का निर्णय लिया। यह वर्कशॉप 5 अप्रैल से दून स्कूल कैम्पस में शुरू होने वाली थी, परंतु कोरोना के विकराल रूप लेने पर शासन द्वारा दिनांक 15 अप्रैल तक कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए गए। जिसे देखते हुए दून स्कूल मैनेजमेंट ने भी आगामी आदेश तक ऊर्जा वर्कशॉफ स्थगित करने का निर्णय लिया गया। स्कूल संचालिका डॉ. खुशी खान ने बताया कि ऊर्जा वर्कशॉप को लेकर बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता में भी बहुत उत्साह था और लगातार रजिस्ट्रेशन के लिए पैरेंट्स स्कूल पहुंच रहे थे, परंतु मौजूदा हालात में हम बच्चों के जीवन को खतरे में नहीं डाल सकते इसलिए हमने इसे आगे स्थगित करने का निर्णय लिया और जैसे ही हालात सामान्य होंगे हम वर्कशॉप का आयोजन अवश्यक करेंगे। अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि जिन्होंने अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया वह अब भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।







