शिवपुरी। नगर परिषद बैराड से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। कल नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ग्वालियर के सहायक यंत्री अशोक शर्मा अपने बैराड़ प्रवास पर आए थे। बताया जा रहा है इस दौरान बैराड़ नगर परिषद की महत्वपूर्ण तीन फाइल वह अपने साथ ले गए। इन फाइलों में ट्रेक्टर खरीदी, दवा खरीदी और लाइट हाईमास खरीदी की फाइलें थी जो कि बहुत ही महत्वपूर्ण फाइलें हैं। सूत्रों की मानें तो सहायक यंत्री द्वारा सीएमओ बैराड़ को फाइल ले जाने के ऐवज में पावती भी नहीं दी गई। ऐसी स्थिति में बैराड़ नगर परिषद के जिम्मेदारों में हड़कंप मचा हुआ है उसका कारण यह बताया जा रहा है कि वर्तमान स्थिति में सहायक यंत्री श्री शर्मा द्वारा किसी के भी फोन कॉल को रिसीव नहीं किया जा रहा है। नगर परिषद के जिम्मेदार अपने-अपने हिसाब से फाइलें ले जाने का कयास लगा रहे हैं कि आखिर फाइलों को लेकर गए तो क्यों गए और गए भी तो फिर फोन क्यों रिसीव नहीं किया जा रहा है यह चर्चा का विषय है। अब देखना है कि बैराड़ नगर परिषद बैराड की यह महत्वपूर्ण फाइलें वापस आती हैं या फिर इनके साथ कोई षड्यंत्र होता है यह तो आने वाला समय ही बता पाएगा।
आरटीआई के तहत जानकारी देने में संकट
बताया जा रहा है कि इन फाइलों से संबंधित सूचना के अधिकार के तहत जानकारी हेतु आवेदन भी प्राप्त हुए हैं ऐसी स्थिति में आरटीआई के तहत नगर परिषद द्वारा जानकारी कैसे दी जाएगी यह बड़ा संकट है।







