-राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता को लेकर ऑनलाइन बैठक आयोजित,सौंपें दायित्व,दिये निर्देश
शिवपुरी। शिवपुरी की धरा पर 12 नवंबर से एथलेटिक्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का पहली बार आयोजन होने जा रहा है। जिसमें देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों सहित विभिन्न शैक्षणिक बोर्ड को मिलाकर 38 टीमें इस प्रतियोगिता में शामिल होने जा रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर शिक्षा विभाग वृहद स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। शनिवार शाम जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े समिति सदस्यों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आनलाइन बैठक लेकर न केवल तैयारियों की समीक्षा की बल्कि आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि देश भर से आ रहे खिलाड़ियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है,सभी समितियां सौंपे गये दायित्वों का सही से निर्वहन करें,आवास और यातायात से लेकर मैदान तक खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो तथा अनुशासन भी कायम रहे।जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने कहा कि 9 नबंबर से ही टीमें आना प्रारंभ हो जाएंगी। इसलिए आवास और यातायात समितियां सभी तैयारियां पहले से ही पूर्ण कर लें।आयोजन को लेकर 10 नबंबर को दोपहर 12 बजे एक और बैठक स्टेडियम परिसर में आयोजित की गई है।आन लाइन बैठक को शिवपुरी बीईओ कौशल गौतम व बदरवास बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर ने भी संबोधित किया।बता दें कि 70वी शालेय राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के क्रम में 17 वर्ष बालक वर्ग की प्रतियोगिता 12 नबंबर से 16 नबंबर तक जबकि 17 वर्षीय बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता 19 नबंबर से 23 नबंबर तक आयोजित होगी।
राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
शिवपुरी में 12 नवंबर को आयोजित होने वाली 70वीं शालेय राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से 38 टीमें हिस्सा लेंगी।







