चारों सदनों के छात्र प्रतिनिधियों ने ली पद एवं कर्तव्य की शपथ, नेतृत्व व अनुशासन का दिया संदेश
शिवपुरी। कोलारस पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय छात्र परिषद के गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के चारों सदनों—शिवाजी, टैगोर, अशोक एवं रमन—से छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया गया। प्रत्येक सदन में हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, हाउस एक्टिविटी प्रीफेक्ट एवं हाउस स्पोर्ट्स प्रीफेक्ट नियुक्त किए गए। वहीं विद्यालय छात्र परिषद में वंश धाकड़ को हेड बॉय एवं राधिका गुप्ता को हेड गर्ल नियुक्त किया गया।
नव-नियुक्त छात्र परिषद के सदस्यों ने समारोह के दौरान अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने, विद्यालय के नियमों व अनुशासन का पालन करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जिम्मेदारी, अनुशासन, टीम भावना और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। विद्यालय परिवार ने नवगठित छात्र परिषद के सभी सदस्यों के सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की।







