अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, छात्राओं को खेल सामग्री भेंट कर समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा
केदार सिंह गोलिया
शिवपुरी। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने सोमवार को जिले के विभिन्न शासकीय छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठकुरपुरा और करौंदी स्थित अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावासों में मिली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई, जबकि महाविद्यालयीन कन्या नवीन छात्रावास एवं अनुसूचित जाति सीनियर कन्या नवीन छात्रावास की व्यवस्थाओं की सराहना की। छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्होंने मौके पर ही खेल सामग्री उपलब्ध कराई तथा किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे अनुसूचित जाति आयोग से संपर्क करने की अपील की।
ठकुरपुरा और करौंदी छात्रावासों के निरीक्षण के दौरान डॉ. जाटव ने शयन कक्ष, रसोईघर, खाद्यान्न की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने और अभिलेखों में कमियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। स्टॉक पंजी तथा विद्यार्थियों के अभिभावकों के संपर्क विवरण समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय अनुपस्थित मिले छात्रावास अधीक्षकों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके बाद महाविद्यालयीन कन्या नवीन छात्रावास और अनुसूचित जाति सीनियर कन्या नवीन छात्रावास के निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। परिसर में विकसित सुंदर उद्यान की प्रशंसा करते हुए डॉ. जाटव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के अन्य छात्रावासों में भी इसी स्तर की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परिसर से नियमित कचरा उठाने और अनुपयोगी सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. जाटव ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, खान-पान की गुणवत्ता और आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं की मांग पर उन्होंने तत्काल बैडमिंटन रैकेट, क्रिकेट बैट-बॉल, कैरम बोर्ड और बोरिक पाउडर जैसी खेल सामग्री उपलब्ध कराई।
डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि छात्रावास में किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर वे सीधे अनुसूचित जाति आयोग से संपर्क करें, ताकि उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।






