जनकल्याण शिविर में उमड़ा जनसैलाब, हितग्राहियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र
शिवपुरी। । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विकासखंड नरवर में सोमवार से तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जिससे लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
जनपद पंचायत नरवर परिसर में आयोजित शिविर में शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागवार स्टॉल लगाए गए थे। यहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ वितरित किए गए।
शिविर के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करैरा अनुपम शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नरवर ब्रह्मेंद्र गुप्ता तथा तहसीलदार नरवर विजय कुमार त्यागी ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। कार्यक्रम में गोपाल पाल, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नारायण बघेल, इमरत कुशवाह और संजय कंसाना सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनकल्याण शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ घर के नजदीक ही उपलब्ध हो रहा है, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
शिविर के प्रथम दिवस की सफलता को देखते हुए आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है।







