चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण, योग और जल संरक्षण का दिया संदेश
शिवपुरी। विकासखंड पोहरी में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर के द्वितीय दिवस पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाकर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरण किए जाने पर उनके चेहरे खिल उठे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।
जनपद पंचायत पोहरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऑफिसर सिंह गुर्जर ने शिविर का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की समीक्षा की। शिविर में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत ग्राम बीलवरामाता की कतूरी बाई पाल एवं बच्चू पाल, ग्राम परासरी की भागीरथी गुर्जर एवं सोवरन गुर्जर तथा ग्राम डोवई के रामदयाल आदिवासी एवं मीरा आदिवासी को पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा ग्राम खरवाया की लाली पत्नी कालीराम तथा ग्राम मेहदेवा के सतीश मोगिया सहित चार दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल वितरित कर लाभान्वित किया गया। ट्राईसाइकिल मिलने पर दिव्यांगजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर जनपद के एपीओ विकास गोयल, पीआई राकेश रघुवंशी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
शिविर के अंतर्गत जनपद पंचायत एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, योग एवं जल गंगा संवर्धन जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं कलम प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई।









