-स्काउटिंग सिर्फ गतिविधि नहीं जीवन जीने की एक कला है: जिला सचिव कोठारी
शिवपुरी। भारत स्काउट एवं गाइड्स मध्यप्रदेश राज्य मुख्यालय के निर्देशन में हर साल राष्ट्रीय स्तर पर हाइक एवं ट्रेकिंग शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में ग्वालियर संभाग से करीब 80 प्रतिभागियों का दल विगत 3 जून को तमिलनाडू के हिल स्टेशन ऊटी रवाना हुआ था जिसमें शिवपुरी जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन व जिला मुख्य आयुक्त स्काउट तरुण अग्रवाल के निर्देशन में 22 सदस्यीय शिवपुरी स्काउट का दल भी इस संभागीय दल का हिस्सा बना। शिवपुरी स्काउट के जिला सचिव कमलकांत कोठारी ने बताया कि सहायक राज्य संगठन आयुक्त ग्वालियर संभाग शंकर सिंह के सानिध्य में शिवपुरी के 22 स्काउटर ने 5 से 9 जून तक इस शिविर में सहभागिता की। कोठारी का कहना है कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं है, बल्कि जीवन जीने की एक कला है जो युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करती है। शिवपुरी से शामिल स्काउटर एवं एपीसी उमेश करारे, सुदर्शन गुप्ता, बृजेन्द्र भार्गव कुल्लू, स्नेहसिंह रघुवंशी, अनिल पाराशर व रमाकांत भार्गव ने बताया कि उन्होंने इस शिविर के माध्यम से न केवल तमिलनाडू के ऊटी सहित विभिन्न ग्रामीण परिवेश को नजदीक से जाना, बल्कि वहां की भौगोलिक व सांस्कृतिक विरासत से भी परिचय प्राप्त किया।
इस दौरान ऊटी, कुन्नूर के आसपास के विभिन्न पर्यटन स्थलों के अलावा विश्व प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व मुधुमलाई टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया और हाथी सहित अन्य वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास व भ्रमण को नजदीक से देखा। वहीं चाय के बागानों के भ्रमण के साथ-साथ चाय व चॉकलेट के निर्माण की प्रक्रिया को भी नजदीक से देखा। इस शिविर में शामिल स्काउटर महेश भार्गव, ममता तिवारी, वीना गोलिया, बलराम त्रिपाठी, पंकज पाण्डेय आदि ने बताया कि भ्रमण के दौरान विश्व धरोहर में शामिल ऊटी टॉयट्रेन, डोडाबेटा पीक, पायकारापाल सहित विभिन्न गार्डन व कोयम्ब टूर के ईशायोग केन्द्र स्थित आदी योगी के दर्शन किए। बता दें कि वार्षिक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान हर साल शिवपुरी के स्काउटर विभिन्न राज्यों के प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर वहां के परिवेश से परिचित होते हैं। टीम के शिवपुरी लौटने पर जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव सहित जिला शिक्षा विभाग ने सदस्यों को बधाई देते हुए उनके अनुभव से परिचय प्राप्त किया।









