8 हजार रुपये का जुर्माना, मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त
शिवपुरी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को यातायात पुलिस ने अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड एवं माधव चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पटाखा जैसी आवाज निकालने वाली 8 बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि जांच के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज एवं पटाखे फोडऩे वाली बुलेट मोटरसाइकिलों को रोककर उनके चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 8 मोटरसाइकिलों पर 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा उनके मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए।
यातायात प्रभारी ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण का कारण बनती है, बल्कि आम नागरिकों, मरीजों एवं विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर न लगाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।







