शिवपुरी। शिवपुरी पब्लिक स्कूल में आज बसंत पंचमी का पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्या की देवी माता सरस्वती की आरती से हुई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भक्तिभावपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर पीले रंग से सराबोर नजर आया। सभी छात्र-छात्राएँ पीले वस्त्र धारण कर विद्यालय पहुँचे, जिससे वातावरण में बसंत की छटा बिखर गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कविता पाठ, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं बच्चों ने पतंग उड़ाकर बसंत पंचमी का आनंद भी लिया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह पर्व विद्या की देवी माता सरस्वती को समर्पित है, जो ज्ञान, कला, संस्कृति और सृजनात्मकता का प्रतीक हैं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वे छात्राएँ रहीं, जो माता सरस्वती के स्वरूप में सजी हुई विद्यालय पहुँचीं। उनके रूप ने सभी का मन मोह लिया। संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से परिपूर्ण रहा, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और संस्कारों की भावना विकसित हुई।









