-लाभार्थियों से सीधा संवाद कर जानी जमीनी स्थिति, गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा को लेकर दिए सख्त निर्देश
शिवपुरी। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की रफ्तार बढ़ाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ विजय राज ने ग्राम पंचायत सिरसौद का दौरा किया। उन्होंने वहां बन रहे आवासों का स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त सीईओ एन.एस. नरवरिया सहित जनपद व ग्राम पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें चल रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, पूर्णता प्रतिशत और सामने आ रही तकनीकी तथा प्रशासनिक चुनौतियों की जानकारी दी।
सीईओ श्री राज ने स्वयं कई निर्माण स्थलों पर पहुँचकर दीवारों, छतों, नींव और अन्य निर्माण मानकों की जांच की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना एक प्राथमिकता वाली योजना है, ऐसे में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे मुलाकात कर योजना से मिलने वाले लाभ, निर्माण प्रगति और समस्याओं पर चर्चा की। कई लाभार्थियों ने मजदूरी उपलब्धता, सामग्री की लागत और समय पर निर्माण सहायता मिलने जैसे मुद्दों को उनके सामने रखा। सीईओ ने सभी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक अपूर्ण आवास के लिए एक पृथक कार्ययोजना तैयार की जाए, जिसमें पूर्णता की समयसीमा स्पष्ट रूप से दर्ज हो। उन्होंने कहा कि हर पात्र हितग्राही को समय पर आवास उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी सुनिश्चित करें कि निर्माण कार्य पारदर्शी तरीके से और बिना किसी देरी के पूर्ण हों। निरीक्षण के अंत में सीईओ ने सभी संबंधित कर्मचारियों को नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और स्थलों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी लापरवाही पाई गई तो संबंधित पर कार्रवाई तय है।







