जनपद पंचायत शिवपुरी में ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के हितग्राहियों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण
शिवपुरी। जनपद पंचायत शिवपुरी में ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत हितग्राहियों के लिए बुधवार को व्यापक तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत सीईओ ब्रह्मेन्द्र गुप्ता ने की। इस अवसर पर एपीओ अमित श्रीवास्तव, उपयंत्री नीरज खरे, मुकेश धाकड़, अरुण अहिरवार, एमपी सिंह, रवीन्द्र जैन, ब्लॉक मैनेजर एसआरएलएम देवेन्द्र शर्मा, सहायक विकासखण्ड प्रबंधक समर्थ भारद्वाज, अनुराग द्विवेदी , मनोज जादौन इसरार उद्दीन, सुरेन्द्र पाराशर सहित कृषि सीआरपी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान हितग्राहियों को स्वीकृत बगिया में किए जाने वाले कार्यों, पौधरोपण की वैज्ञानिक तकनीक, बगिया के रखरखाव के उपाय, सिंचाई-सुरक्षा के मानक और मनरेगा से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि बगिया योजना न केवल रोजगार सृजन का माध्यम है, बल्कि ग्रामीणों को दीर्घकालिक आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी मजबूत आधार प्रदान करती है।
सीईओ ब्रह्मेन्द्र गुप्ता ने प्रशिक्षण के दौरान कहा “‘एक बगिया मां के नाम’ योजना सिर्फ पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं है, यह मातृ-समर्पण और आजीविका सुरक्षा का एक मजबूत मॉडल है। हमारा उद्देश्य है कि हर हितग्राही अपनी ही भूमि पर बगिया विकसित कर 100 दिवस का मनरेगा रोजगार प्राप्त करे और आने वाले वर्षों में इससे स्थायी आमदनी अर्जित कर सके। हम चाहते हैं कि यह बगिया आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि का आधार बने।” उन्होंने आगे बताया कि पौधों की सुरक्षा के लिए बायर फेंसिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका भुगतान भी मनरेगा के माध्यम से किया जाएगा। हितग्राही अपनी आवश्यकता और जलवायु के अनुरूप पौधों का चयन स्वयं कर सकेंगे, जबकि सामग्री एवं मजदूरी का पूरा भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा।
अधिकारियों ने प्रतिभागियों से अपील की कि वे बगिया को केवल योजना के रूप में नहीं, बल्कि अपनी आर्थिक स्वतंत्रता और पर्यावरण संवर्धन के महत्वपूर्ण साधन के रूप में विकसित करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।








