शिवपुरी। मानव वेलफेयर सोसायटी एवं मां अम्बे एसोसिएशन द्वारा मां दुर्गा की स्थापना अवसर पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस श्रृंखला में रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता एवं गणेश प्रतिमा सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता परिणामों में रेनू सिंघल ने प्रथम स्थान, मीरा ओझा ने द्वितीय और आयुषी मित्तल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर ग्रुप में नीतू सिंघल प्रथम, पूर्वी रघुवंशी द्वितीय और पीलू जैन तृतीय स्थान पर रहीं।
इसके साथ ही बुधवार और गुरुवार को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित शिविर में फिजियोथैरेपी, होम्योपैथी और आयुर्वेदिक परामर्श दिया गया। इस दौरान डॉ. स्मिता गोयल, डॉ. रवि गोयल एवं डॉ. अनिल वर्मा ने 81 मरीजों को निःशुल्क सेवा प्रदान की। इस कार्यक्रम में अज़ाक्स डीएसपी अवनीत शर्मा मुख्य अतिथि और जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव अध्यक्ष रहे। गुरुवार को किडनी, लिवर, पेट एवं चर्म रोग संबंधी जांच व परामर्श दिया गया। इसमें डॉ. एन.एस. सेंगर, डॉ. आर.पी.एस. बुंदेला एवं डॉ. प्रतीक शिवहरे ने 145 मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क उपचार सेवाएं दीं। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर मुख्य अतिथि एवं जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव अध्यक्ष रहे।डॉ. संजय ऋषिश्वर ने कहा कि “जहां भक्ति और शक्ति संग डांडिया होता है, वहां मन को शांति और शरीर को स्वास्थ्य दोनों मिलते हैं। मां के दरबार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम स्वस्थ व सशक्त राष्ट्र का संदेश देते हैं।” उन्होंने संस्था की इस पहल की सराहना की। शिविर के दौरान बीपी, वेट, शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच निःशुल्क की गई। आयोजन में मुख्य अतिथि एवं अतिथि गणों का स्वागत मानव वेलफेयर सोसायटी एवं मां अम्बे एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र और माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्य गण एवं शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








