शिवपुरी। अम्बेडकर मंगल भवन शिवपुरी में भारतीय बौद्ध महासभा जिला शिवपुरी एवं अम्बेडकर जयंती समारोह समिति शिवपुरी के संयुक्त तत्वावधान में महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक मौर्य जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष आर.सी. दिवाकर, जिला अध्यक्ष आर.आर. गोविल द्वारा तथागत गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से की गई। इसके उपरांत सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से पुष्पांजलि अर्पित की तथा बौद्ध वंदना की गई। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार शाक्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर आर.सी. दिवाकर, आर.आर. गोविल, एम.एल. जाटव, एन.के. राहुल, पवन भोज, आनंद राजे, डॉ. पुष्पेन्द्र बहुजन, मोहरसिंह खन्ना, पी.सी. उचारिया, अमरसिंह जाटव, रचना शाक्य, अर्चना शाक्य, श्रीलाल जाटव, आर.सी. मौर्य, प्रकाश मौर्य सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में आर.आर. गोविल ने सभी का आभार व्यक्त किया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती को सामाजिक स्तर पर भव्य रूप से मनाया जाएगा तथा महू इंदौर में आयोजित मुख्य समारोह में शिवपुरी जिले से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
प्रमुख वक्ताओं ने किए अपने विचार व्यक्त
- आर.सी. दिवाकर ने कहा- सम्राट अशोक का जीवन बहुजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। हमें मिलकर बाबा साहेब और अशोक महान के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
- आर.आर. गोविल ने कहा -समाज को संगठित करने की दिशा में यह आयोजन एक मजबूत कदम है। हम सब मिलकर बाबा साहेब की जयंती को ऐतिहासिक बनाएं।
- आनंद राजे ने कहा - आज का यह आयोजन न केवल स्मृति का प्रतीक है, बल्कि यह हमारे सामाजिक संकल्प का प्रतिबिंब भी है। हमें अपने गौरवशाली इतिहास को पुन: जीवित करना है।
- एमएल जाटव ने कहा - हम सभी का कर्तव्य है कि बाबा साहेब की विचारधारा को आत्मसात कर सामाजिक न्याय एवं समानता के पथ पर अग्रसर हों। महूं में होने वाले जयंती समारोह के लिए शिवपुरी से तन-मन-धन से सहयोग करना हमारा संकल्प है।