शिवपुरी। जिले के कोलारस में क्रेन पलटकर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर नरोत्तम जाटव पर जा गिरी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक असिस्टेंट इंजीनियर घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल एक बड़े ट्रांसफॉर्मर को क्रेन की मदद से शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक यहां बिजली सब स्टेशन पर एक ट्रांसफॉर्मर तीन महीने से खराब पड़ा था। 12 से 15 टन वजनी इस ट्रांसफॉर्मर को बदलने के लिए क्रेन बुलाई गई। क्रेन उसे उठा नहीं सकी और अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान निगरानी के लिए मौके पर खड़े जूनियर इंजीनियर नरोत्तम जाटव और एसिस्टेंट इंजीनियर आशुतोष कुमार क्रेन की चपेट में आ गए। जिससे जूनियर इंजीनियर नरोत्तम जाटव की मौत हो गई। श्री जाटव बिजली विभाग के होनहार अधिकारी थे। वह अपनी साफ-सुथरी और ईमानदार छवि के लिए जाने जाते थे। उनका अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम में किया गया, जिसमें शिवपुरी जिले सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि भी काफी प्रभावशाली थी।
अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गए जूनियर इंजीनियर
हादसे में जान गंवाने वाले जेई नरोत्तम जाटव श्योपुर जिले के सबलगढ़ क्षेत्र के सांथेर गांव के रहने वाले थे। नरोत्तम जाटव कई वर्षों से शिवपुरी जिले में बिजली विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी आठ साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है। नरोत्तम जाटव की मौत के बाद शिवपुरी के बिजली विभाग में शोक की लहर है।
विधायक बोले- दुखद घटना, हादसे की कराएंगे जांच
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने इस घटना को बेहद ही दुखद बताया है। उन्होंने हादसे की जांच कराने की बात कही है। वीरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि वह सरकार से पीडि़त परिवार को हर संभव मदद दिलाएंगे।
फोन पर बात कर रहा था क्रेन का ड्राइवर
घटना के बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक क्रेन वजन को उठाने के लिए सक्षम थी, लेकिन संचालन में लापरवाही बरती गई। क्रेन को सही जगह खड़ा नहीं किया गया था। बताया जा रहा है कि क्रेन से जब ट्रांसफॉर्मर को उठाया जा रहा था इस समय क्रेन का ड्राइवर लगातार फोन पर बात कर रहा था। हादसा के बाद क्रेन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
मामला दर्ज कर लिया गया: थाना प्रभारी
कोलारस थाना प्रभारी मनीष शर्मा का कहना है कि यह घटना लापरवाही की वजह से हुई है। इसलिए पुलिस ने मशीनरी के संबंध में उपेक्षापूर्व आचरण पर गैर इरादतन हत्या की धाराओं में एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।







