शहर को साफ-स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है: नपाध्यक्ष श्रीमती शर्मा
शिवपुरी। केबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक यशोधरा राजे सिंधिया के मार्गदर्शन में नगरपालिका शिवपुरी द्वारा अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इस दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में नगरपालिका के सफाईकर्मियों द्वारा साफ-सफाई की जा रही है। मंगलवार को अभियान के क्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, नगर मंडल अध्यक्ष विपुल जैमिनी, पुरानी शिवपुरी मंडल अध्यक्ष केपी परमार और वार्ड पार्षदों की देखरेख में नगर की वार्ड क्रमांक 5,6,21,22,27,32 में सफाईकर्मियों से साफ-सफाई कराई।
स्वच्छता अभियान के तहत वार्ड 5 एवं 6 में झाडू लगाई गई, साथ ही नालियों से कचरा भरकर ट्रेक्टर एवं कचरा गाडिय़ों के माध्यम से भरकर पिकवाया। वार्ड 21 एवं 22 में सफाई दरोगा विजय लोट द्वारा नालियों एवं सड़कों की सफाई कराई गई। वहीं वार्ड 32 में सफाई दरोगा राजेश गेंचर द्वारा सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 27 में समुदायिक भवन के पीछे प्लॉट की सफाई कराई, साथ ही नालियों की सफाई की गई। इस दौरान पार्षद अजय भार्गव भी मौजूद रहे। इसके अलावा वार्ड की नालियों में कीटनाशक पाउडर का भी छिड़काव कराया गया। सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान के तहत वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा ने बताया कि महाराज साहब के मार्गदर्शन में शहरवासियों के हित में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नपाध्यक्ष श्रीमती शर्मा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर हम सबका है और इसे साफ-स्वच्छ रखने की भी हम सबकी जिम्मेदारी है। नगरपालिका द्वारा शहर को स्वच्छ रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सभी शहरवासी सहयोग करें, कचरे को वार्ड में आने वाली कचरा गाड़ी में ही फेंकें।










