- संघ देश की सेवा में लगा हुआ है: मखीजा
- शारीरिक कार्यक्रमों के प्रदर्शन के साथ संघ शिक्षा वर्ग का हुआ समापन
शिवपुरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत द्वारा आयोजित 20 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष का स्वयंसेवकों के शारीरिक कार्यक्रमों के प्रदर्शन के साथ सरस्वती विद्यापीठ में सपान किया गया। समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अशोक पांडे प्रांत सह संघ चालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्यभारत प्रांत ने कहा कि देश के सामने जनसंख्या असंतुलन, धर्मान्तरण, पृथकतावादी प्रवृतियां समाज में फैल रही संस्कारहीनता, देश की सीमा के बहारी खतरे एवं पर्यावरण जैसी अनेक चुनौतियां हमारे सामने खड़ी हैं।
श्री अशोक पांडेय जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस देश को मातृभूमि, पुण्यभूमि मानकर उसके सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित हिन्दू समाज को जागृत संगठित करना चाहता है। संघ का वर्तमान प्रभाव और विस्तार के कारण ही हम चुनौतियों का सामना कर पा रहे हैं। मुख्य वक्ता श्री पाण्डेय ने संघ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 1925 में 8-10 स्वयंसेवकों को लेकर प्रारंभ हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज बट वृक्ष के रूप में दिखाई देता हैं। आज देशभर में 60 हजार शाखाऐं 60 लाख स्वयंसेवक प्रतिदिन ध्वज प्रणाम करते हैं। देश के अलावा 40 देशों में संघ का कार्य प्रत्यक्ष रूप से चल रहा है। लेकिन इस सबके बाद भी संघ का उद्देश्य तब तक पूर्ण नहीं होता तब तक शहरी क्षेत्र में 3 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में एक प्रतिशत लोग संघ से प्रत्यक्ष रूप से नहीं जुड़ते।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेन्द्र मोहन मखीजा सेवा निवृत सहायक यंत्री ने कहा कि संघ के पास अद्वितीय शक्तियां हैं अपने स्वयंसेवकों के द्वारा वह लगातार बढेगा ऐसा हमें विश्वास है। संघ देश की सेवा में लगा हुआ हैं। संघ के संगठन द्वारा चलाए जाने वाले विद्यालयों में छात्र विद्या के साथ-साथ संस्कार भी ग्रहण कर रहे हैं। इन विद्यालयों में अध्यन्न करने के बाद देश के विभिन्न प्रमुख पदों पर आसीन होकर देश की सेवा में लगे हुए हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथि स्वागत तत्पश्चात ध्वज मान वंदना, गणसमता, सामूहिक समता, योगचाप, नियुद्ध, घोष, दण्ड, दण्डयोग, सूर्यनमस्कार, योगासन गीत आदि का प्रदर्शन स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक अशोक पोरवाल, सह प्रांत प्रचारक स्वपनिल जी सहित प्रांत के अधिकारी तथा नगर के गणमान्य बन्धु भगिनी उपस्थित रहे। वर्ग का प्रतिवेदन वर्ग कार्यवाह विक्रम सिंह द्वारा रखा गया तथा आभार वर्ग के प्रबंधक प्रमुख अजय राजपूत द्वारा रखा गया।






