पार्वती नदी में मिट्टी खोदते समय हुआ हादसा
शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम मारौरा खालसा में पार्वती नदी में मिट्टी खोदने गए चार बच्चों की दबने से दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दो घायल हो गए। घटना की सूचना लगने पर बैराड़ टीआई आलोक सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार ग्राम मारौरा खलासा में पार्वती नदी पर मिट्टी खोदने के लिए सुदामा पुत्र सरवन गोस्वामी उम्र 20 वर्ष, निवास पुत्र सरवन गोस्वामी उम्र 18 वर्ष, देवेन्द्र उर्फ कल्ला पुत्र कृष्णा गोस्वामी उम्र 13 वर्ष, नीतेश पुत्र बल्लू उम्र 12 वर्ष, टिंकल पुत्र सरवन गोस्वामी निवासीगण मारौरा खालस और अभिषेक पुत्र संतोष गोस्वामी उम्र 14 वर्ष निवासी घटाई थाना पोहरी दोपहर के समय गए हुए थे। मिट्टी खोदते-खोदते खदान पोली हो चुकी थी। जब यह सभी लोग मिट्टी खोद रहे थे तभी इनके ऊपर मिट्टी आ गिरी जिसमें सभी दब गए। घटना की जानकारी जब ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक निवास, देवेन्द्र और नीतेश की मौत हो चुकी थी। जबकि टिंकल और अभिषेक जख्मी हो गए थे। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। यहां बता दें कि दर्द का यह कहर एक ही परिवार पर टूटा है। मृतकों में सुदामा और निवास दोनों सगे भाई थे जबकि तीसरा भाई टिंकल घायल हो गया जबकि कल्ला अपने मामा के यहां आया हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।








