Breaking Ticker

कांग्रेस अपनी पिछली गलतियों को नहीं दोहराती तो उसका सत्ता में आना होता निश्चित

पुरानी गलतियों से नहीं लिया सबक , जीत हुई तो उसमें उसके प्रयास कम और भाजपा सरकार के खिलाफ एंटीइन्कंबंसी फैक्टर की अधिक होगी भूमिका
शिवपुरी। इस बार के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने वहीं पुरानी गलतियां दोहराई हैं जिसके कारण उसकी लगातार प्रदेश में 2003 से हार हो रही है। ऐसा लगा था कि कांग्रेस इस बार भाजपा की तरह मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी की घोषणा करेगी और उसका बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन होगा। कांग्रेस अपनी गुटबाजी से भी मुक्त होगी। लेकिन सत्ता में आने की इन तीनों शर्तो में से कांग्रेस ने किसी भी शर्त का अक्षरश: पालन नहीं किया। लेकिन इसके बाद भी कांग्रेस यदि विधानसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबले में बनी हुई तो इसमें उसका कौशल कम और भाजपा सरकार के खिलाफ 15 वर्षो की एंटीइन्कंबेंसी फैक्टर की भूमिका अधिक है। इसके बावजूद भी सुनिश्चित रूप से यह कतई नहीं कहा जा सकता कि कांग्रेस इस बार सत्ता में आ रही है। अच्छे से अच्छे राजनैतिक समीक्षक भी विधानसभा चुनाव के आंकलन की दृष्टि से कांग्रेस और भाजपा की संभावनाओं को 50-50 मान रहे हैं। 
विधानसभा चुनाव के छह माह पहले भाजपा का आत्मविश्वास इस हद तक बढ़ा हुआ था कि नारा दिया गया इस बार भाजपा 200 के पार। इसका तात्पर्य यह था कि भाजपा 2013 के चुनाव में मिली अपनी 165 सीटों की संख्या को बढ़ाएगी और कांग्रेस की सीटों की संख्या 58 से घटेंगी। कांग्रेस जब प्रदेश में सत्ता में आने की बात करती थी तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कटाक्षपूर्ण जबाव रहता था कि कांग्रेस दिन में सपने देखना बंद करे। लेकिन सरकार के खिलाफ एंटीइन्कंबेंसी के कारण कांग्रेस तमाम आत्मघाती प्रयासों के बाद भी मुकाबले में वापिस आ गई। चुनाव के एक साल पहले से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ताल ठोककर कह रहे थे कि इस बार कांग्रेस मुख्यमंत्री पद के  लिए अपना चेहरा अवश्य घोषित करेगी। कई साक्षात्कारों में उन्होंने स्वीकार किया था कि चुनाव में चेहरे से फर्क पड़ता है। मतदाता को यह मालूम होना चाहिए कि मुख्यमंत्री पद के  लिए वह किसे चुन रहा है। श्री सिंधिया ने स्वीकार किया था कि भाजपा को शिवराज सिंह के चेहरे से फायदा मिला था। क्योंकि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के लिए किसी के नाम की घोषणा नहीं की थी। लेकिन सिंधिया के अलावा कांग्रेस के अन्य नेता चाहे वह कमलनाथ हों, दिग्विजय सिंह हो, अजय सिंह हो या अरूण यादव, चेहरे के नाम पर उनका एक ही जबाव रहता था कि इसका फैसला पार्टी आलाकमान अर्थात सोनिया गांधी और राहूल गांधी करेंगे। सिंधिया भले ही चेहरा घोषित करने को पार्टी के लिए लाभदायक मानते रहे। लेकिन अन्य नेताओं का ऑफ दी रिकॉर्ड कहना था कि चेहरा घोषित होने से कांग्रेस को फायदा कम नुकसान अधिक होगा। उन्हें यह भी आशंका थी कि यदि कांग्रेस आलाकमान ने यदि चेहरा घोषित कर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया तो बाजी ज्योतिरादित्य सिंधिया के पक्ष में जा सकती है। इसलिए चेहरा घोषित करने का उन्होंने लगातार विरोध किया और पार्टी आलाकमान की इतनी हिम्मत नहीं हुई कि प्रदेश के इन नेताओं की बातों को दरकिनार कर वह चेहरा घोषित करे। सिंधिया सहित अन्य नेताओं ने माना कि प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के खड़ा होने से कांग्रेस को नुकसान पहुंचता है। क्योंकि अमूमन कांगे्रेस और बसपा के परम्परागत मत एक जैसे होते हैं और इन मतों का बंटवारा होने से कांग्रेस को नुकसान होता है। पिछले चुनाव में भाजपा को प्रदेश में 44.8 प्रतिशत मत हांसिल हुए थे। जबकि कांग्रेस को 37.7 और बहुजन समाज पार्टी को 7.5 प्रतिशत से अधिक मत मिले थे। यदि इन दोनों मतों को जोड़ दे तो कांग्रेस और भाजपा के मतों का प्रतिशत लगभग बराबर हो जाता है। वर्तमान में जब कांग्रेस और भाजपा के मतों में महज एक प्रतिशत का अंतर ही दिख रहा है। ऐसे में बसपा और कांग्रेस की एकता कारगार साबित हो सकती है। लेकिन अपने-अपने अहंकार के टकराव के कारण कांग्रेस और बसपा के बीच विधानसभा चुनाव में गठबंधन नहीं हो सका और इसका कांग्रेस को नुकसान होना साफ प्रतीत हेा रहा है। शिवपुरी जिले की बात करें तो यहां कांग्र्रेस और बसपा के बीच करैरा और पोहरी विधानसभा क्षेत्र में नम्बर 1 और 2 की लड़ाई चल रही है। यह टकराहट इतनी घनी है कि इससे यह भी आशंका प्रतीत हो रही है कि दोनों की लड़ाई में कहीं भाजपा बाजी न  मार ले जाए। इतनी तमाम प्रतिकूलताओं के बावजूद भी कांग्रेस महज जनभावनाओं के कारण मुकाबले में बनी हुई है और इस जनभावनाओं ने भाजपा के  इस नारे की अबकी बार 200 पार की हवा निकाल दी है। मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता अब 200 पार की बात नहीं कर रहे। वह 2013 के अपने पिछले आंकड़े तक पहुंचने की बात भी नहीं कर रहे बल्कि कह रहे हैं कि भले ही कम अंतर से बने लेकिन सरकार भाजपा की बनेगी। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश मेेंं कांग्रेस और भाजपा के बीच बराबर की टक्कर बनी हुई है। कांग्रेस अपनी पिछली गलतियों को दोहराने के बाद भी यदि मुकाबले में हैं तो इसका एक मात्र कारण प्रदेश सरकार के खिलाफ एंटीइन्कंबंसी है लेकिन यह भी निष्कर्ष है कि कांग्रेस अपनी पिछली भूलों से सबक लेती तो बाजी इस बार सुनिश्चित रूप से उसके हाथों में होती। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Kedar Singh Goliya, Mo.- 7999366077
school add  1



......

......

------------

-------------


-------
---------






Page settings Search Description Options Changes savedPage: Edit