दान करना है तो रक्तदान कीजिए : शाहिद खान
शिवपुरी। रेडिएंट ग्रुप अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर चुका है। इस गौरवशाली एवं सफल यात्रा को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से वर्षभर विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती ‘युवा दिवस’ के अवसर पर रेडिएंट ग्रुप द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में दून पब्लिक स्कूल, रेडिएंट आईटीआई कॉलेज के स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस अवसर पर रेडिएंट ग्रुप के संचालक शाहिद खान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को दान करना चाहिए और दानों में रक्तदान सबसे महान दान है। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ दून पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान द्वारा रक्तदान कर किया गया। इस अवसर पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीरजा केन एवं ब्लड बैंक स्टाफ भानु प्रताप रैकवार, पंकज धानूक, श्रीराम कटारे एवं क्रांति शर्मा का स्वागत किया गया। डॉ. नीरजा केन ने युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए तकनीकी जानकारी भी प्रदान की।
पति-पत्नी ने किया रक्तदान
शिविर में खुशी खान (पत्नी शाहिद खान), अमरीन खान (पत्नी जावेद खान) एवं वर्षा खरे (पत्नी प्रदीप खरे) ने रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्तदान में महिलाओं ने मारी बाज़ी
शिविर में महिलाओं एवं छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 12 यूनिट रक्तदान किया। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्राप्त कर रुकसार खान, पिता-पुत्र धीरज उप्पल एवं वंश उप्पल, नेपाल दांगी, अनुराधा शर्मा, प्रियंका शर्मा एवं रविंद्र रावत भी स्वतः रक्तदान करने पहुंचे, जिनका रेडिएंट ग्रुप द्वारा सम्मान किया गया।
प्रथम बार रक्तदान करने वाले रक्तदाता
रक्तदान शिविर की जानकारी मिलने पर स्वप्निल जैन, दानिश खान, रूबीना खान, जसमीत कौर एवं हिमांशी पाराशर ने पहली बार रक्तदान किया। इनके साथ ही रेडिएंट ग्रुप के डायरेक्टर शाहिद खान, निरंजन मोंटेरी, कल्पना बुद्धराजा, बलराम शर्मा, वेद प्रकाश यादव एवं मनीष धाकड़ ने भी रक्तदान किया।
अन्य संगठनों का रहा सहयोग
रेडिएंट ग्रुप द्वारा आयोजित इस शिविर में शिवपुरी एकता फाउंडेशन के अवतार फारूकी, इमरान खान, शकील खान के साथ-साथ लक्ष्य लाइब्रेरी एवं वाना कैफे के सदस्यों ने भी रक्तदान में सहयोग दिया। रेडिएंट ग्रुप की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में कुल 28 यूनिट रक्तदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में रेडिएंट ग्रुप एवं दून पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया तथा शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले ब्लड बैंक स्टाफ को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।









