शिवपुरी। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने सोमवार को आयोजित अंतर विभागीय समन्वय बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समय-सीमा पत्रों की लंबित शिकायतों एवं अन्य समसामयिक विषयों की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ल, संयुक्त कलेक्टर जे.पी. गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर यूनुस कुरैशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर चौधरी ने कहा कि “सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में सभी अधिकारी बी और सी ग्रेड से ए ग्रेड में आने का प्रयास करें। लंबित शिकायतों का समय पर निराकरण हो, ताकि जनता को शीघ्र राहत मिल सके। जिस स्तर पर जिस अधिकारी से कार्यवाही अपेक्षित है, वह पूरी ईमानदारी और सजगता से अपने दायित्व का निर्वहन करे। इतना अच्छा कार्य कीजिए कि आपकी प्रशंसा हो।”
उन्होंने आदिम जाति कल्याण विभाग की लंबित शिकायतों पर जिला संयोजक को जनपद पंचायतों के सीईओ से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसान क्रेडिट कार्ड और खाद वितरण संबंधी जानकारी प्रतिदिन अपडेट करने के निर्देश दिए गए। वहीं आंगनबाड़ी नियुक्ति से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने और इस विषय पर एसडीएम स्तर पर चर्चा करने को कहा गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों के निराकरण हेतु दो या तीन विभागों का समन्वय आवश्यक है, उन्हें तभी दूसरे विभाग को हस्तांतरित किया जाए जब पहला विभाग अपनी कार्रवाई पूर्ण कर ले। उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिलने वाली गायों को दुर्घटनाओं से बचाने हेतु अस्थायी व्यवस्था कर तुरंत शिफ्ट किया जाए। शिफ्टिंग के बाद यदि कोई पशुपालक गाय छुड़ाने आता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाए।
शिवपुरी बस स्टैंड की स्थिति सुधारने के निर्देश
कलेक्टर चौधरी ने जिला परिवहन अधिकारी और नगरपालिका अधिकारी को आदेश दिए कि शिवपुरी बस स्टैंड का नियमित रख-रखाव हो। प्रतिदिन कम से कम तीन बार सफाई की जाए, टिकट विंडो चालू रखी जाए, सभी ऑटो पर किराया सूची चस्पा की जाए तथा शहर में शिला पट्टिका या साइन बोर्ड के साथ ऑटो स्टैंड स्थापित किए जाएं।
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Kedar Singh Goliya, Mo.- 7999366077







