
-जारी किए नोटिस, कारण बाजिव नहीं मिला तो कटेगी पगार
केदार सिंह गोलिया, शिवपुरी। नगरपालिका में पेयजल से लेकर पार्क, सफाई व अन्य स्थानों पर सैंकड़ों कर्मचारी तैनात हैं इनमें से कई लापरवाही बरत रहे हैं। जिन पर सीएमओ डॉ. केशव सिंह सगर लगातार सख्त रवैया अख्तियार कर रहे हैं। मंगलवार को एक बार फिर सीएमओ डॉ. सगर आकस्मिक तौर पर विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण करने जा पहुंचे जहां करीब आठ वार्डों की पेयजल सप्लाई से जुड़ी गांधी पार्क टंकी पर 17 कर्मचारी गैरहाजिर मिले और रजिस्टर्ड पर हस्ताक्षर कॉलम भी खाली पड़े हुए थे। यही हाल अन्य टंकियों पार्कों पर भी मिले जिस पर सीएमओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए 71 गैरहाजिर कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं। यदि कर्मचारी गैरहाजिरी का सही व संतोषप्रद जबाव नहीं दे पाए तो उनका एक-एक दिन का वेतन काटने सहित अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
कहां, कितने मिले कर्मचारी मिले गैरहाजिर
सीएमओ डॉ. केशव सिंह सगर सचिन चौहान सहायक यंत्री नगर पालिका, कार्यालय अधीक्षक अब्दुल अकबर कुर्रेशी, आरई सुधीर मिश्रा के साथ गांधी पार्क टंकी पर पहुंचे वहां पर उनका हाजिरी रजिस्टर का निरीक्षण किया गया। जिसमें 17 कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहीं किये गये थे। इसके बाद राव की बगिया पर पहुंचकर हाजिरी रजिस्टर का निरीक्षण किया तो 23 कर्मचारी द्वारा हाजिरी रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहीं किये गये तथा फिजीकल सम्पवेल पर पहुंचकर हाजिरी रजिस्टर का निरीक्षण किया गया 27 कर्मचारियों द्वारा हस्ताक्षर नहीं किये गये थे। इस संबंध में सहायक यंत्री को निर्देश दिये गये कि संबंधित 67 कर्मचारियों को तत्काल कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर 24 घंटे की समयावधि मे उनका स्पष्टीकरण मांगा। इसके अलावा मानस भवन पर भी पहुंचकर निरीक्षण किया गया जिसमें 2 कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये इस संबंध में राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिये गये कि संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करे कि वह किस कारण से अनुपस्थित थे। इसी क्रम में एनयूएलएम शाखा का भी निरीक्षण किया गया जिसमें 2 सामुदायिक संगठक अनुपस्थित पाए एवं सिटी मैनेजर रविन्द्र सुमन को निर्देशित किया गया कि कार्यालयीन समय पर उपस्थित रहा करें। यदि समयसीमा में जबाब संतोषजनक नही पाया गया तो अनुपस्थित कर्मचारियों के एक दिन के वेतन को राजसात करने की कार्यवाही की जावेगी।
इनका कहना है
जिस कर्मचारी को जो दायित्व सौंपा गया है यदि वह उस कार्य में लापरवाही बरतता है तो कतही बर्दास्त नहीं किया जाएगा। मैं खुद लगातार आकस्मिक निरीक्षण कर रहा हूं। निरीक्षण में गैरहाजिर मिले 67 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जबाव तलब किया गया है।
डॉ. केशव सिंह सगर
सीएमओ, नगरपालिका परिषद शिवपुरी








