यात्रियों से संपर्क कर केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से कराई बात, फंसे यात्रियों को एयरलिफ्ट कर निकालने का दिया आश्वासन
शिवपुरी। अमरनाथ यात्रा पर गए शिवपुरी के 12 यात्री लैंडस्लाइड होने के कारण हिमाचल प्रदेश में पिछले चार दिन से फंसे हैं। जैसे ही उन यात्रियों के फंसे हुए होने की जानकारी स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को मिली तो उन्होंने रात एक बजे एक यात्री टिंकल जोशी से मोबाइल पर बातचीत की और उन्हें धैर्य बंधाया। उन्होंने शिवपुरी के फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से बातचीत की और आवश्यक कदम उठाए जिसके तारतम्य में अनुराग ठाकुर ने अपने कार्यालय से यात्रियों को फोन कर बताया कि वह उन्हें प्रभावित क्षेत्रों से बाहर निकालने के लिए स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और अतिशीघ्र उन्हें एयरलिफ्ट कर या अन्य व्यवस्था से वहां से बाहर निकाला जाएगा। इस मामले में कलेक्टर रविन्द्र चौधरी ने भी कल देर रात खेलमंत्री यशोधरा राजे सिंधिया से बातचीत की और आईटीबीपी करैरा के कमांडेंट सुरेन्द्र खत्री से भी बातचीत की। आईटीबीपी उक्त इलाके में तैनात है। कलेक्टर ने हिमाचल प्रदेश के उस क्षेत्र के डिप्टी कमिश्रर से भी बातचीत की।
अमरनाथ यात्रा करने गए जो यात्री लेह मनाली बॉर्डर के सरजू में पिछले चार दिनों से फंसे हैं उनके नाम हैं- अनिल शर्मा अन्नी पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष, पारम सिंह रावत पूर्व जनपद अध्यक्ष, रोहित मिश्रा, ट्विंकल जोशी, लकी रावत, कृष्णा खंडेलवाल टेंट कारोबारी, विनोद रावत, शिवम गुप्ता साड़ी कारोबारी, मयंक जैन व्यापारी, लाखन रावत, सुमित श्रीवास्तव और पवन धाकड़। बताया जाता है कि दोनों तरफ सड़क टूट जाने, भारी बारिश और बर्फबारी से रास्ते बंद हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से लगभग 300 सड़क टूट गईं हैं। शिवपुरी के यात्री प्रभावित इलाके में जीवन और मौत से संघर्ष कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में फंसे पत्रकार रोहित मिश्रा ने बताया कि वहां नारकीय हालात हैं। फंसे यात्रियों को एक हजार रूपए प्रति यात्री रहने के लिए देना पड़ रहा है। 500 रूपए में एक प्लेट दाल-चावल मिल रहे हैं और पानी की बोतल की कीमत 100 रूपए तक पहुंच गई है। उस इलाके में लगभग दो से ढाई हजार यात्री फंसे हैं। रात्रि में तापमान माइनस तक पहुंच जाता है। ऑक्सीजन की कमी यात्री महसूस कर रहे हैं। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा की हालत बिगड़ रही है। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को ठहराने और खाने की वैकल्पिक व्यवस्था की है। उनका राशन भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। पत्रकार रोहित मिश्रा जो कि विशुद्ध शाकाहारी हैं उन्होंने पांच दिन से भोजन नहीं किया है, क्योंकि जिन बर्तनों में मांसाहारी खाना बनता है उन्हीं बर्तनों में सब्जियां पकाई जा रही हैं। कड़ाके की ठण्ड के चलते यात्री चार-चार दिन से नहीं नहाये हैं। शौचालय की व्यवस्था भी बहुत खराब है। संक्रामक बीमारियां फैलने का संकट उत्पन्न हो रहा है। प्रभावित यात्री रोहित मिश्रा ने खेलमंत्री यशोधरा राजे से गुहार लगाई है कि उन्हें अविलम्ब यहां से निकाला जाए। इसके बाद मंत्री यशोधरा राजे सक्रिय हो गईं हैं।
हिमाचल में बारिश ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
हिमाचल प्रदेश में 24 घंटे में 39 जगह लैंड स्लाइड हुआ। यहां के 6 जिले चम्बा, कुल्लु, शिमला, सिरमौर, सोलन और मंडी में बाढ़ की चेतावनी दी गई है। जुलाई माह में पिछले 24 घंटों के दौरान मनाली, सोलन और रोहडू में बारिश ने पिछले 50 साल के रिकॉर्ड तोड़े हैं।







