जिला पंचायत सीईओ ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
केदार सिंह गोलिया, शिवपुरी। शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को अनिवार्य रूप से मिल सके इसके लिए जिला पंचायत शिवपुरी सीईओ उमराव सिंह मरावी अनवरत रूप से प्रयासरत रहते हैं। इसी क्रम में वह मंगलवार को जनपद पंचायत नरवर पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद नरवर के उपयंत्रियों एवं विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उनके साथ आरईएस के ईई राजीव पाण्डे भी मौजूद रहे। सीईओ श्री मरावी ने सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मजदूरी की राशि का भुगतान समय पर हो, साथ ही आवास पूर्ण कराने में नोडल अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें। इस दौरान उन्होंने मनरेगा कार्य, लेबर नियोजन तथा श्रम सामग्री अनुपात की समीक्षा भी की। बैठक के बाद श्री मरावी ने निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया तो मौके पर पाया कि आवास पूर्ण नहीं हुए हैं और आवास हितग्राही को मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया गया है। इसके चलते सीईओ ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए लापरवाहों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है, साथ ही स्पष्टीकरण ना देने की स्थिति में तीन दिन में कार्यवाही करने की भी चेतावनी दी।
इन लापरवाहों को जारी किया कारण बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान आवास निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने और मजदूरी की राशि नहीं डालने के लिए जिन लापरवाहों को नोटिस दिया है उनमें ग्राम पंचायत करही, हतेडा, ग्वालिया दोनों छितरी, खड़ीचा, खुदावली, राजपुर, ख्यावदा, नैनागिर, पनानेर, टोरियाखुर्द, कालीपहाड़ी, रोनिजा के ग्राम रोजग़ार सहायक एवं सचिव को नरवर केम्प में कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण माँगा है।
इनका कहना है
जिन रोजगार सहायक और सचिवों प्रधानमंत्री आवास में प्रोग्रेस बहुत कम है और हितग्राहियों के मस्टर रोल जारी करने में लापरवाही बरती है। उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।
उमराव सिंह मरावी
सीईओ, जिला पंचायत शिवपुरी








