शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र से कल शाम 4 बजे कोई अज्ञात व्यक्ति ट्रेक्टर-ट्रॉली को चोरी कर ले गया। ट्रेक्टर मालिक ने आज बदरवास थाना पहुंचकर ट्रेक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बदरवास थाना प्रभारी सतीश सिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लिया और चंद घंटों में चोरी गए ट्रेक्टर-ट्रॉली को चोर सहित जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार बदरवास स्टेशन रोड पर जयमंडल धाकड़ निवासी बदरवास का पॉवरट्रेक कंपनी का ट्रेक्टर मय ट्रॉली अपने घर पर रखा हुआ था। तभी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उक्त ट्रेक्टर को चोरी कर ले गया। ट्रेक्टर मालिक ने अपने अनुसार ट्रेक्टर की खोजबीन की, लेकिन जब कोई सफलता नहीं मिली तो आज बदरवास थाना पहुंचकर ट्रेक्टर-ट्रॉली चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी सतीश सिंह चौहान ने तुरंत ही टीम गठित कर ट्रेक्टर की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने छोटी घुरवार से चोरी गए उक्त ट्रेक्टर को आरोपी चंदू यादव निवासी मगरारा चक थाना इंदार के कब्जे से बरामद कर लिया।








