शिवपुरी। हाईस्कूल एवं माध्यमिक विद्यालय की वार्षिक परीक्षा में जीरो से 30 प्रतिशत परीक्षा परिणाम वाले शिक्षकों की शासकीय मॉडल स्कूल शिवपुरी में 12 जून को आयोजित विषयवार दक्षता संवर्धन परीक्षा का बहिष्कार करवाने एवं शासन व विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने, बिना वरिष्ठ अधिकारियों के परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होकर परीक्षा में बाधा डालने एवं बिना अनुमति के मुख्यालय छोडने के आरोप में 04 शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.पी.वर्मा से प्राप्त जानकारी अनुसार निलंबित किए गए शिक्षकों में शासकीय प्राथमिक विद्यालय ऊंचा मझेरा विकासखण्ड शिवपुरी के प्राथमिक शिक्षक श्री तारीक सिद्धीकी, माध्यमिक विद्यालय पचीपुरा विकासखण्ड पोहरी की प्राथमिक शिक्षक श्रीमती बंधना शर्मा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजरौनी विकासखण्ड बदरवास के उच्चतर माध्यमिक शिक्षक धर्मेन्द्र सिंह रघुवंशी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारां विकासखण्ड शिवपुरी के माध्यमिक शिक्षक गयादिन टिरेटिया को निलंबित किया गया है। उल्लेखनीय है कि कक्षा 10वीं में 0 से 30 प्रतिशत परीक्षा परिणाम वाले हाईस्कूलों के विषयवार 12 शिक्षक एवं पोषक माध्यमिक विद्यालय के विषयवार 242 शिक्षकों की दक्षता संवर्धन परीक्षा 12 जून को आयोजित की गई थी।






