- ठकुरपुरा अम्बेडकर पार्क में धूमधाम से मनाई संविधान शिल्पी बाबा साहेब की जयंती
केदार सिंह गोलिया, शिवपुरी। जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी द्वारा रविवार को संविधान शिल्पी, भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती ठकुरपुरा स्थित अम्बेडकर पार्क में धूमधाम से मनायी गयी। कार्यक्रम में बतौरी मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश गुप्ता और हरवीर रघुवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सांसद प्रतिनिधि रामकिशन सोलंकी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि श्री गुप्ता ने डॉ.अंबेडकर के जीवन परिचय, संघर्षों व कार्यों पर प्रकाश डाला। सांसद प्रतिनिधि रामकिशन सोलंकी ने संविधान निर्माता बाबा साहेब के कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जिन्हें बाबासाहेब के नाम से भी जाना जाता है, उनका जन्म दिन 14 अप्रैल को भारत समेत पूरी दुनिया में पर्व के जैसा मनाया जाता है। इस दिन को 'समानता दिवस' और 'ज्ञान दिवस' के रूप में भी मनाया जाता है, क्योंकि बाबा साहेब जीवन भर समानता के लिए संघर्ष करते रहे। भीमराव विश्व भर में उनके मानवाधिकार आंदोलन, संविधान निर्माण और उनकी प्रकांड विद्वता के लिए जाने जाते हैं। यह दिवस उनके प्रति वैश्विक स्तर पर सम्मान व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है। इसके अलावा हरवीर रघुवंशी, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र टेडिया, सिद्धार्थ लढ़ा, सेक्टर अध्यक्ष मनीष सोलंकी सहित अन्य वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला। इस मौके पर अमृतलाल चौधरी, दिनेश नागर, अमित शिवहरे, तुला जाटव सरपंच, हरिवल्लभ, राहुल, राजेश, नागर, आलोकदीप, रोहित सोलंकी एवं यश कुमार, राहुल सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









