शिवपुरी। पोहरी कस्बे की रहने वाली एक महिला रचना बाई पत्नी इंद्रजीत मांझी श्योपुर के बडौदा में अपनी बेटी के लिए रिश्ता लेकर गई, जो लड़के वालों के घर में हादसे का शिकार हो गई। महिला के ऊपर घर से बाहर निकलते समय छत पर लगा छज्जा गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पोहरी की रहने वाले रचना बाई सोमवार को बेटी की सगाई संबंध के लिए श्योपुर के बडौदा कस्बे के वार्ड क्रमांक 3 में रहने वाली शंति बाई के घर आई थी और उसने अपनी बेटी के लिए शांति बाई के पुत्र को पसंद कर रिश्ता पक्का किया। इसके बाद वह घर से बाहर निकली तो मकान का छज्जा अचानक से रचना के उपर गिर गया। जिससे उसके सिर और रीड की हड्डी में चोट आ गई। जिसे तुरंत बडौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें गंभीर बताते हुए कोटा रैफर कर दिया।







