शिवपुरी। करैरा के ग्राम सुनारी में जोशी मोहल्ले में निवासरत एक दम्पत्ति के बीच हुए विवाद के बाद पति ने पत्नी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। जिससे पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। पीड़िता ने अपने बयानों में पुलिस को बताया है कि उसके पति ने उसे जान से मारने की नियत से आग लगाई है। क्योंकि वह उसके चरित्र पर शंका करता है और इसी शंका के चलते उनके बीच बीते रोज विवाद हुआ था और इसी विवाद के बाद उसके पति ने उसको जला दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के बाधार पर आरोपी पति के खिलाफ भादवि की धारा 307 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 11 दिसंबर को सुबह 9 बजे पीड़ित प्रीती जोशी और उसके पति खैमचंद्र उर्फ खेमू जोशी के बीच झगडा हुआ और यह झगड़ा इतना बढ गया कि आरोपी खैमचंद्र ने प्रीती के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इस घटना में प्रीती गंभीर रूप से झुलस गई। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और जब प्रीती बोलने की अवस्था में आई तो उसने पति के खिलाफ बयान दिया और पुलिस को बताया कि उसका पति उसके चरित्र पर हमेशा शंका करता था और इसी शंका के कारण उसका पति हमेशा उससे झगड़ता था और घटना वाले दिन भी आरोपी ने इसी बात को लेकर झगड़ा कर यह घटना कारित कर दी।