जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह के नेतृत्व में चला चेकिंग अभियान, 28 ऑटो रिक्शा की जांच
शिवपुरी। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान 12 सवारी ऑटो रिक्शा जब्त किए गए। जब्त वाहनों को परिवहन कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया है।
अभियान के तहत परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर एवं विभागीय टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की औचक जांच की। इस दौरान कुल 28 सवारी ऑटो रिक्शा को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच में नियमों के उल्लंघन एवं दस्तावेजों में कमियां पाए जाने पर 12 ऑटो रिक्शा जब्त कर लिए गए। जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह ने बताया कि जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें और यातायात नियमों का पालन करें। परिवहन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।







