कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने दिए निर्देश, जनसहभागिता से जल संरचनाओं का होगा पुनरुद्धार
शिवपुरी। जल संरक्षण और संवर्धन को लेकर जल गंगा संवर्धन अभियान 30 मार्च से पूरे प्रदेश में शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 30 जून तक चलेगा, जिसमें जन भागीदारी से जल संरचनाओं की सफाई, मरम्मत और पुनरुद्धार किया जाएगा। साथ ही, वृहद स्तर पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा। शनिवार को कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों, जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का समुचित निर्वहन करे। अभियान के तहत लगभग 15 विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है और सभी को मिलकर समेकित रूप से कार्य करना होगा।
जन भागीदारी को मिलेगा बढ़ावा
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनसहभागिता को प्राथमिकता दी गई है। कोई भी नागरिक मायभारत पोर्टल पर वालंटियर (जलदूत) के रूप में पंजीयन कर सकता है और जल संरक्षण गतिविधियों में योगदान दे सकता है।
स्कूल और ग्राम पंचायतों में भी होंगी गतिविधियां
कलेक्टर चौधरी ने निर्देश दिए कि स्कूलों में जल संरक्षण जागरूकता के लिए निबंध, रंगोली, चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएं, जिससे बच्चों में जल संरक्षण के प्रति रुचि बढ़े। जल संरक्षण को ग्रामीण स्तर तक मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायतों में चौपाल आयोजित की जाएगी, जहां ग्रामीणों से विचार-विमर्श कर अमृत सरोवर जैसी संरचनाओं के लिए स्थान चिन्हित किए जाएंगे।