गंगोरा पंचायत बनी वेस्ट पंचायत, गोपालपुर के नाथू धाकड़ को मिला बेस्ट सचिव अवार्ड
शिवपुरी। जनपद पंचायत शिवपुरी ने अपने कर्मचारियों और अधिकारियों को उनकी मेहनत और जज़्बे के लिए सम्मानित करने की एक अनूठी पहल (नवाचार) की शुरुआत की है। इस नवाचार के तहत हर माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे वे और अधिक प्रेरित होकर कार्य कर सकें। इसी कड़ी में फरवरी माह के लिए चयनित विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिसमें गंगोरा पंचायत को वेस्ट पंचायत, गोपालपुर पंचायत के सचिव नाथू धाकड़ को वेस्ट सचिव, हेमलता धाकड़ को वेस्ट जीआरएस और श्यामलाल जाटव को वेस्ट पीसीओ के अवार्ड से सम्मानित किया गया।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रघुवीर रावत, जनपद सीईओ गिर्राज शर्मा, पीआई दौलत सिंह जाटव, एपीओ अमित श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रघुवीर रावत ने कहा कि यह नवाचार उन कर्मचारियों की मेहनत को पहचान दिलाने का एक प्रयास है, जो जमीनी स्तर पर योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अब हर महीने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पंचायत, सचिव, जीआरएस, पीसीओ और इंजीनियर को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक चयन समिति बनाई गई है, जो तय मानकों के आधार पर विजेताओं का चुनाव करेगी। जनपद अध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें ताकि जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो। यह नवाचार निश्चित रूप से जनपद पंचायत शिवपुरी को एक नई पहचान दिलाएगा और प्रशासनिक कार्यों में एक सकारात्मक बदलाव लाएगा।








