शिवपुरी। जिलेभर में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों के प्रति दबंगों द्वारा अन्याय और अत्याचार की घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। पीडि़तों को शीघ्र न्याय और भरण पोषण हेतु शीघ्र आर्थिक सहायता राशि मिले इसके लिए बहुजन समाज पार्टी हमेशा संघर्षरत है। यह बात बसपा जिलाध्यक्ष धनीराम चौधरी द्वारा बसपा प्रदेशाध्यक्ष इंजी. रमाकांत पिप्पल के आदेशानुसार राज्यपाल के नाम विगत दिवस कलेक्टर और एसपी को सौंपे गए ज्ञापन के समय कही। इस दौरान बड़ी संख्या में बसपा के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण मौजूद रहे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि विगत 17 जुलाई को खनियांधाना में 9 वर्षीय मासूम के साथ हुए कुकृत्य के लिए आरोपी दरिंदे दीपक कुशवाह पुत्र केदार कुशवाह को फांसी की सजा मिले। साथ ही घटना में गंभीर रूप से हताहत हुई मासूम को उचित इलाज के लिए शासन की ओर से दिल्ली में उपचार दिलाया जाए। इसके अलावा पीडि़त बालिका के माता-पिता जो मजदूरी करके जीवन यापन करते हैं उन्हें भरण पोषण हेतु 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, आत्म सुरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस दिलवाया जाए, साथ ही पीडि़त परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जावे।
सरकार का केवल नारा ही बनकर रह गया बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ
जिलाध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी निरंकुश बने हुए हैं। मुख्यमंत्री कहते हैं कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, यह केवल भाषणों में और नारेबाजी में अच्छा लगता है जबकि धरातल पर इसे सरकार लागू नहीं कर पा रही है। उन्होंने मांग की है कि बलात्कारी दीपक पुत्र केदार कुशवाह की भूमि पर बुलडोजर एवं भूमि को राजसात किया जावे। अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिवस के अंदर प्रशासन द्वारा उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वह जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।








