पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने आम बजट पर व्यक्त की अपनी प्रतिक्रिया
शिवपुरी। बजट 2022-23 आर्थिक साल के लिए केन्द्रीय वित्तमंत्री सीतारमण ने मंगलवार को संसद में बजट पेश किया। इस बजट को पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने युवाओं के रोजगार एवं कृषि क्षेत्र के महत्व का बजट बताते हुए कहा कि इस बजट में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अविवृद्धि के साथ सभी वर्ग को ध्यान में रखा गया है, जो कि इससे पहले की सरकारों में नहीं होता था। श्री चौहान ने आम बजट को दूरदर्शी, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी करार देते हुए इसे जन-जन और हर क्षेत्र के सर्वांगीण कल्याण के प्रति समर्पित बताया। श्री चौहान ने बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट गरीब कल्याण को समर्पित है और अर्थव्यवस्था को नई ताकत देकर देश के सर्वांगीण विकास में मदद करेगा। यह महज एक साल के विकास का एजेंडा नहीं है बल्कि देश के लिए आने वाले सालों की बुनियाद रखने वाला ब्लू प्रिंट है। यह बजट प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में सहायक होगा। इसके अलावा यह बजट विकास व जन हितैषी सुधारों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदृष्टि को दर्शाता है और आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत होगी।






