शिवपुरी। अमूमन पुलिस कप्तान शिवपुरी राजेश सिंह चंदेल अपनी साफ-सुथरी छवि और तुरंत एक्शन लेने के लिए जाने जाते हैं। उनके द्वारा जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक में सभी थाना प्रभारियों को जुआ, सट्टा, अवैध शराब सहित अन्य अवैध कार्यों पर रोक के लिए सख्त निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन उनके यह निर्देश कुछ थाना क्षेत्रों में सिर्फ बैठकों तक ही सीमित रह जाते हैं। इसी तरह का मामला शहर के फिजीकल थाना क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। सूत्रों की मानें तो फिजीकल थाना क्षेत्र में बनवारी नाम का एक व्यक्ति इन दिनों सट्टे का सरताज बना हुआ है। उसके द्वारा दर्जनों स्थानों पर सट्टे की पर्चियां काटी जा रही हंै, लेकिन इसके बावजूद भी मजबूत मुखबिर तंत्र वाली फिजीकल पुलिस के सूत्र बनवारी के अवैध धंधे तक नहीं पहुंच पाए हैं। बताया तो यहां तक जाता है कि बनवारी अपने धंधे को चलाने में मास्टर माइंड है उसे सब पता है कि किस तरह से सट्टा चलाया जाता है इसी फार्मूले के आधार पर दिन दूनी रात चौगुनी गति से धंधा फल फूल रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रमुख सट्टेबाज को पकड़ती है या फिर किसी छुटभैया सटोरिया या फिर सट्टा की पर्ची वाले को ही पकड़कर कार्यवाही की जाती है।
क्या बोले जिम्मेदार
आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है। जल्द ही मामले को दिखवाकर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।
सुधीर कुशवाह
एसडीओपी शिवपुरी







