सिलपुरा कंजर डेरा सहित आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर दी दबिश
शिवपुरी। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला आबकारी अधिकारी वीरेन्द्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा विक्रय, परिवहन, संग्रहण एवं जहरीली शराब के विरूद्ध जिलेभर में विशेष अभियान चलाया रहा है। इसी तारतम्य में पिछोर वृत्त प्रभारी उपनिरीक्षक तीर्थराज भारद्वाज के नेतृत्व में आबकारी टीम द्वारा पिछोर के ग्राम सिलपुरा कंजर डेर, भौंती सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी गई। इस दौरान मौके पर मौजूद सामग्री को नष्ट कर कच्ची शराब को जब्त किया गया। इस प्रकार से 12 लाख रुपए का सामान जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
वृत्त प्रभारी तीर्थराज भारद्वाज ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मुखबिर की सूचना से सिलपुरा कंजर डेरा, भौंती एवं अन्य स्थानों पर दबिश दी गई। जहां मौके से कुल 22200 किग्रा गुडलहान एवं दो चालू भट्टी मौके पर नष्ट की गई, वहीं 40 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 31 ड्रम और 2 मदिरा बनाने के वर्तन सहित कुल 12 लाख रुपए कीमत का सामान जब्त किया गया। आरोपी टीम को देखकर मौके से भाग निकले। उक्त कार्यवाही में मप्र आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत पाँच प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। एक अन्य कार्यवाही में ग्राम भौंती में रमेश कलावत के कब्जे से 24 पाव प्लेन मदिरा जब्त कर प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उक्त कार्यवाही में वृत्त प्रभारी तीर्थराज भारद्वाज, सुश्री सोनाली त्रिवेदी, विनीत शर्मा, नीरज त्रिवेदी, राहुल गुप्ता आबकारी उपनिरीक्षक सहित आबकारी मुख्य आरक्षक एवं आरक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। अवैध शराब के खिलाफ आबाकारी द्वारा की जा रही लगातार कार्यवाही से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। श्री भारद्वाज ने बताया कि जहरीली शराब के खिलाफ लगातार कार्यवाही जारी रहेगी।







