Breaking Ticker

सब्जियां, दूध, फल, सेनेटाईजर की कालाबाजारी शुरू, प्रशासन भीड़ रोकने में नाकाम





कलेक्टर ने कहा जल्द ही खोजे जाएंगे विकल्प
शिवपुरी। कोरोना जैसी महामारी से लडऩे के लिए रविवार को पूरे देश की एकजुटता ने यह साबित कर दिया कि कोरोना को हराना बहुत ही मामूली बात है। प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया था कि लॉकडाउन के दौरान दैनिक उपयोगी सामान जैसे-राशन, सब्जियां, दूध, फल आदि उन्हें सहजता से उपलब्ध हो जाएंगे। लेकिन आज पहले दिन इन उपयोगी सामानों के लिए मारामारी देखी गई और कालाबाजारी शुरू हो गई। दुकानों को खोलने का समय निर्धारित करने को लेकर जनता दुकानों पर टूट पड़ी और जिस उद्देश्य की पूर्ति के लिए यह लॉकडाउन का निर्णय लिया गया, वह फिलहाल पूर्ण होता नहीं दिख रहा। क्योंकि दुकानों पर  लोगों की भीड़ एकत्रित हो रही है। वहीं प्रशासन इस भीड़ को रोकने में नाकाम बना हुआ है। ऐसी स्थिति में कैसे शिवपुरी कोरोना से लड़ सकेगा। अगर प्रशासन ने जल्द ही इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया तो एक बड़ा भीषण संकट शहर में खड़ा हो जाएगा। हालांकि कलेक्टर अनुग्रह पी ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए जल्द से जल्द इन समस्याओं को खत्म करने का विकल्प खोजने की बात कही है। कलेक्टर ने कहा है कि अगर उन्हें सख्ती भी अपनानी पड़े तो वह इसके  लिए भी नहीं हिचकेंगी।

सब्जीमंडी, डेयरी और मेडीकलों पर नहीं दिखा कोरोना का भय
कोरोना संक्रमण भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में फैलता है और इसको दृष्टिगत रखते हुए शिवपुरी को 24 मार्च तक लॉकडाउन करने का आदेश कलेक्टर द्वारा दिया गया है। लेकिन आज सुबह शहर में लॉकडाउन का कोई असर नहीं देखा गया। लोग सब्जी लेने सब्जी मंडी में टूट पड़े। जहां तादात से ज्यादा भीड़ नजर आई। जहां तक कि लोगों ने सुरक्षा के कोई इंतजाम भी नहीं किए और बगैर मास्क के वह भीड़भाड़ वाले इलाके में घूमते रहे। डेयरियों पर भी इसी तरह लोग दूध लेने के लिए टूट पड़े। मेडीकलों की स्थिति भी ऐसी ही थी। जिसे देखकर भविष्य के संकट को भांपा जा सकता था।

सब्जियों के दाम दो गुने से ज्यादा, दूध भी हुआ महंगा
दैनिक उपयोग में आने वाली सब्जियों के दाम आज दो गुने हो गए। कोर्ट रोड़ सब्जी मंडी पर सब्जी विक्रेताओं ने कालाबाजारी शुरू कर दी। लोगों को 15 से 20 रूपए किलो में मिलने वाले आलू 40 से 60 रूपए में मिले। प्याज की कीमत 40 रूपए प्रति किलो पहुंच गई। मटर 80 रूपए किलो तक बिकी। वहीं दूध 35 से 40 रूपए के स्थान पर 45 से 50 रूपए लीटर बेचा गया और इसे लेने के लिए भी लोगों की भीड़ लगी रही। लेकिन इसके बाद प्रशासन ने उक्त दुकानदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं गली-गली मोहल्ले-मोहल्ले सब्जी बेचने वाले सब्जी विक्रेताओं ने भी सब्जियों के दाम बड़ा दिए और सब्जी मंडी से भी महंगी सब्जी वह घर-घर जाकर बेच रहे हैं। ऐसी स्थिति में लोग काफी संकट में आ गए हैं।

सेनेटाईजर और मास्क के दाम भी बड़े
लोगों की मजबूरी का फायदा किस तरह दुकानदार उठा रहे हैं। इसका उदाहरण शहर के मेडीकलों पर देखने को मिला। पहले मास्क 10 रूपए में लोगों को आसानी से उपलब्ध हो जाता था। वह मास्क 20 रूपए से 30 रूपए का बेचा जा रहा है और कुछ चिन्हित लोगों को ही मास्क दिए जा रहे हैं। जनता जब मास्क लेने मेडीकलों पर पहुंच रही है तो उन्हें मास्क उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। सेनेटाईजर किसी भी बड़ी कम्पनी का मेडीकलों पर उपलब्ध नहीं हैं। जो भी सेनेटाईजर दिए जा रहे हैं। वह लॉकल कम्पनी के हैं और उनकी भी कीमत 300 से 400 रूपए वसूली जा रही हैं। जबकि ऐसे सेनेटाईजर पूर्व में 90 से 100 रूपए में आसानी से उपलब्ध हो जाते थे।

घर को और अन्य सामान को सेनेटाईज करने वाले हाईड्रोजन की कीमत हुई दोगुनी
कोरोना वायरस जैसी महामारी से बचने के लिए केन्द्र और राज्य सरकारें घर के सामान, मकानों में लगी रैलिंगे, कारें, अन्य वाहन, बच्चों के खिलोनो, टीव्ही, एसी, कूलर के रिमोट एवं अन्य उपकरण फ्रिज, टीवी, सौफे, बेड, कुर्सियां सहित अनेकों सामान को सेनेटाईज करने की सलाह दी जा रही है। जिन्हें सेनेटाईज करने के लिए हाईड्रोजन का उपयोग किया जा रहा है। इसे भी मेडीकलों व अन्य कॉस्मेटिक की दुकानों पर ब्लैक में बेचा जा रहा है। पहले हाईड्रोजन की 400 मिली लीटर की बोतल 10 से 15 रूपए में मिलती थी। वह आज 30 से 40 रूपए बमुश्किल मिल रही है।


पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल डलाने के लिए लगी होड़, संचालकों ने नहीं किए इंतजाम
पेट्रोल पंपों पर भी काफी भीड़ नजर आ रही है। शहर में तीन पेट्रोल पम्प संचालित हैं। जिनमें टोडरमल पेट्रोल पंप, गांधी पेट्रोल पंप, बल्लभचंद पेट्रोल पंप पर सुबह से ही काफी भीड़ नजर आई। इसके बाबजूद भी न तो प्रशासन ने वहां से भीड़ को हटाया और न ही पेट्रोल पम्प संचालकों ने ऐसे कोई इंतजाम किए कि पेट्रोल पंपों पर भीड़ कम लगे। शहर के वायपास क्षेत्रों मेें संचालित पेट्रोल पंपों पर भी यही हालात नजर आए। जबकि कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने की बात भी कही गई। जिसमें गुना वायपास पर स्थित तरूण मोटर्स के पास संचालित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल पंप शामिल है। जहां बताया गया कि पेट्रोल समाप्त हो गया है।

मंदिरों में आरती के बाद लगा दिए गए ताले
धार्मिक स्थलों पर कोरोना का असर देखा गया। शहर का प्राचीन राज राजेश्वरी मंदिर कल से ही बंद है। मंदिर में सिर्फ पूजारी द्वारा मां की आरती की जाती है और वहां भक्तों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंध कर दिया गया है। मंदिर के बाहर मुख्य दरबाजे पर ताला लगाने के बाद एक चादर लगा दी गई है और उस पर मंदिर के बंद होने की सूचना वाला बैनर भी लगाया गया है। कैलादेवी माता मंदिर पर भी यह स्थिति है। काली माता मंदिर, माधवचौक हनुमान मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर सहित शहर के मुख्य छोटे एवं बड़े सभी मंदिरों पर भक्तों का प्रवेश रोक दिया गया है। इसके पीछे की सोच यह है कि लोगों का जमावड़ा न हो और कोरोना वायरस से बचाव हो सके।

10 बजते ही दुकानें बंद कराने पहुंची पुलिस
सब्जियां, दूध एवं राशन की दुकानों को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक खोलने का निर्णय प्रशासन ने लिया है और आज सुबह दुकाने खुलने के बाद वहां भीड़ लगी रही। सुबह 10 बजते ही पुलिस की टीमें दुकानों पर पहुंचकर दुकानें बंद कराती हुई देखी गई। गली और मोहल्लों में संचालित डेयरियों पर भी पुलिसकर्मी पहुंचे और दुकानदारों को याद दिलाया कि 10 बजे उन्हें दुकानें बंद करनी हैं। कोर्ट रेाड़ सब्जी मंडी के चारों दरबाजों पर पुलिसकर्मी तैनात हो गए। जिन्होंने 10 बजे के बाद लोगों का प्रवेश मंडी के अंदर बंद करा दिया और जो लोग मंडी में सब्जी खरीद रहे थे उन्हें जल्द से जल्द सब्जी खरीदकर मंडी से जाने के लिए कहा। इसके लिए पुलिसकर्मी हाथों में माईक लेकर लोगों से अपील करते हुए देखे गए। पुरानी शिवपुरी सब्जी मंडी में भी ऐसे ही हालात नजर आए। वहां भी पुलिस ने 10 बजते ही मंडी में सब्जी विक्रय पर रोक लगा दी।

10 बजे के बाद सड़कों पर घूमते मिले तो कटेगा चालान
कोरोना वायरस को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि लॉकडाउन के दौरान सुबह 10 बजे से कोई भी व्यक्ति बिना कारण सड़कों पर घूमता हुआ दिखाई दिया तो उसका चालान काट दिया जाएगा। जहां तक कि उसे अन्य किसी दंड से भी दंडित किया जा सकता है। यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव स्वयं पूरे शहर में घूमकर मॉनिटिरिंग कर रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील कर रहे हैं कि 10 बजे के बाद सभी लोग अपने घरों में वापिस चले जाए और लॉकडाउन में अपना सहयोग दें।

इनका कहना है
शहर में लॉकडाउन के बाद कालाबाजारी की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। इसे लेकर वह सख्त कदम उठाएंगी। साथ ही इस पर भी विचार विमर्श किया जाएगा कि जनउपयोगी वस्तुओं की दुकानों को लगातार खोली जाएं। इसके लिए वह योजना तैयार कर रही हैं। मैं शहरवासियों से अपील करना चाहती हूं कि लोग घबराए न। उन्हें किसी भी वस्तु की कमी महसूस नहीं होगी और न ही वह कालाबाजारी का शिकार होंगे। इसलिए लॉकडाउन का समर्थन कर घर पर ही रहें।
अनुग्रह पी, कलेक्टर शिवुपरी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Kedar Singh Goliya, Mo.- 7999366077
school add  1



......

......

------------

-------------


-------
---------






Page settings Search Description Options Changes savedPage: Edit