केदार सिंह गोलिया/7999366077
शिवपुरी। यूं तो शहर में कई समाजसेवी संस्थाएं कार्यरत हैं, लेकिन वैश्य वर्ग से आने वाला एक सामाजिक संगठन आर्थिक रूप से सबसे ज्यादा संपन्न माना जाता है और कई सामाजिक गतिविधियों के अलावा महंगे आयोजनों को लेकर भी चर्चाओं में रहता है, लेकिन कहने को धनाढ्य इस सामाजिक संगठन की नीयतखोरी का चौकाने वाला मामला सामने आया है। जहां इस संगठन के कर्ताधर्ताओं ने समाज की आदर्श मिसाल पेश करने की बजाय बुधवार को आयोजित समाज के कार्यक्रम को चोरी की बिजली से रोशन कर डाला। यूं तो इस संगठन में शहर के नामी गिरामी चेहरे संगठन के पदाधिकारी हैं और आर्थिक रूप से बेहद संपन्न माने जाते हैं, लेकिन इस कार्यक्रम के आयोजन में महज कुछ हजार की बिजली रसीद कटाने की बजाय पदाधिकारियों ने संगठन की छवि को धूमिल करते हुए चोरी की बिजली से पूरे कार्यक्रम को आयोजित कर डाला। बिजली कंपनी के अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि आयोजन के लिए इस सामाजिक संगठन ने किसी भी प्रकार की कोई रसीद बिजली कंपनी से नहीं कटवाई। अधिकारी मामले में कार्यवाही की बात भी कह रहे हैं। ऐसे में समाज में कथित तौर पर आदर्श पेश करने वाला यह सामाजिक संगठन अपनी इस ओछी हरकत से खुद सवालों के घेरे में जा खड़ा हुआ है। देखना होगा कि रसूखदार इस सामाजिक संगठन पर चोरी की बिजली द्वारा रोशन किए गए इस कार्यक्रम को लेकर बिजली कंपनी के अधिकारी कार्यवाही का साहस जुटा पाते हैं या नहीं। फिलहाल यह मामला न केवल शहर बल्कि इस संपन्न समाज में भी चर्चा का वायस बना हुआ है और सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों पर सजातीय लोग ही प्रश्नचिन्ह लगाकर उनकी तू-तू कर रहे हैं।







