शक में युवक की मोहल्ले वालों ने की पिटाई
शिवपुरी। देश के कई अन्य भागों की तरह शिवपुरी में भी बच्चा चोरी गिरोह के सक्रिय होने की अफवाहें फैल रही हैं। इसी शक के चलते कई लोगों की पिटाई भी हो चुकी है। पिछले दिनों खतौरा में बच्चा चोरी होने के शक में तीन युवकों की पिटाई हुई थी। वहीं देहात थाना अंतर्गत प्रजापति मोहल्ले में जितेंद्र नायर नामक युवक की लोगों ने जमकर मारपीट कर दी और उसे पीटते हुए थाने ले आए। इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ ही प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर दी।
इन दिनों अफवाहें फैल रही हैं कि कोई ऐसा गिरोह आया है जो छोटे छोटे बच्चों का अपहरण कर रहा है। सोशल मीडिया पर मैसेज आ रहे हैं कि पालक अपने बच्चों का ध्यान रखें और उन्हें घर से बाहर न निकलने दें, क्योंकि कोई ऐसा गिरोह आया है जो बच्चों को पकड़कर उनकी किडनी आदि अंग निकाल लेता है तथा उन्हें महंगे दामों पर बेच देता है। इस अफवाह से शिवपुरी में भी दहशत का वातावरण है और कई क्षेत्रों में बच्चा चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य होने के शक में कई लोगों की पिटाई हो चुकी है। प्रजापति मोहल्ले में कल दीपक लेने आए जितेंद्र नायर निवासी लुधावली को मोहल्ले के कुछ लोगों ने जबरन ही बच्चा चोरी करने के शक में पकड़ लिया और उसकी मारपीट कर दी तथा उसे पीटते हुए थाने ले आए। पुलिस ने इस मामले में पूरी पड़ताल की, लेकिन मोहल्ले वालों का शक बेबुनियाद निकला।






