जेल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया
शिवपुरी। सर्किल जेल शिवपुरी में अतुल सिन्हा ने जेलर के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। श्री सिन्हा इससे पूर्व गुना में जेल अधीक्षक के रूप में पदस्थ थे। श्री सिन्हा कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। यहां बता दें कि शिवपुरी सर्किल जेल है जिसके अंतर्गत गुना जेल भी आती है। श्री सिन्हा की गुना जेलर के रूप में कार्यक्षमता को देखते ही उन्हें सर्किल जेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री सिन्हा ने प्रभार ग्रहण करते ही जेल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया, साथ ही जेल स्टाफ से परिचय प्राप्त कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जेलर श्री सिन्हा ने बताया कि जेल में बंद कोई भी कैदी यदि जेल से सुधरकर बाहर जाए और फिर वह दोबारा कभी जेल ना आए, इसे लेकर हम कैदियों की मनोदशा बदलने वाले प्रेरकीय कार्य करेंगें ताकि कैदियों को जीवन जीने की नई दिशा प्रदान की जाए। जेल में जेल नियमावली का पूरी तरह ख्याल रखा जाएगा, किसी भी प्रकार से कोई शोषण कैदियों का बर्दाश्त नहीं होगा, नियमित कैदियों का चेकअप, उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य आदि को लेकर ध्यान रखेंगें तभी कैदी के जीवन में बदलाव आएगा, ऐसा मेरा मानना है। नवागत जेलर अतुल सिन्हा ने बताया कि अब तक गुना, खरगौन फिर गुना और अब शिवपुरी पदभार संभाल रहे है। अभी तक के कार्यकाल में जेलर श्री सिन्हा ने कई कैदियों की मनोदशा बदलने का कार्य किया और आज कई कैदी अपने जीवन को लेकर नई दिशा में अपना जीवन परिवार के साथ बिता रहे है। शिवपुरी जेल में बंद कैदियों को लेकर प्री-बार्गेनिंग, विधि सहायता कानूनी जानकारी प्रदान कर उन्हें कानून के तहत मदद दिलाई जाएगी जिसमें कैदियों को लेकर उनकी समस्याऐं भी जानी जाऐंगी और उनका हर संभव निराकरण होगा।







