रास्ता दलदल में तब्दील होने से पैदल चलना भी दूभर
शिवपुरी। नगरपालिका प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही का खामियाजा इन दिनों शहर की विजयपुरम कॉलोनी में निवासरत लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के कारण कॉलोनी का मुख्य रास्ता दलदल में तब्दील हो चुका है। हालात यह हैं कि रास्ते से वाहन तो क्या ठीक से पैदल भी नहीं चल सकते। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके द्वारा पार्षद से लेकर नगरपालिका के अधिकारियों तक को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद भी इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। हालात यह हैं कि लोग अपने घरों में कैद होने के लिए मजबूर हैं, आवश्यक कार्य होने पर ही लोग मजबूरीवश बाहर निकल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही विजयपुरम की सड़क को दुरुस्त करवाकर समस्या से निजात दिलाएं।






