- शरीर एवं मन को स्वस्थ रखना है तो व्यसनों से दूर रहें
शिवपुरी। केंद्रीय विद्यालय में तरुण उत्सब के तहत बसुंधरा कुटुंबकम सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित चार दिवसीय जागरूकता शिविर का आज समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन डॉक्टर्स की टीम ने बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी सवालों के जवाब दिए जिसमें डॉ.अभिषेक द्विवेदी ने बच्चों को मानव संरचना, नशा एवं मनोविज्ञान विषय को समझते हुए कहा कि शरीर और मन तभी स्वस्थ रह सकता है,जब हम व्यसनों से दूर रहें।बच्चों का नशे के प्रति बढ़ता आकर्षण समाज के लिये घातक होता जा रहा है।उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों से बालक बालिकाओं को अवगत कराते हुए कहा कि नशे की गिरफ्त में आने के बाद उससे निकलना बेहद कठिन होता है,इसलिए व्यसनों से दूरी बनाकर रखें।
स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ.वैशाली भार्गव ने स्कूली छात्राओं को हार्मोन के शरीर पर पडऩे वाले प्रभावों तथा किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव एवं रक्तअल्पता आदि के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी। डॉ.निशा गोयल के द्वारा बच्चों को पौष्टिक आहार और स्वच्छता के विषय में जानकारी दी गई।डॉ.गोयल ने छात्र छात्राओं को शरीर के लिये आवश्यक पोषक तत्वों एवं उनकी पूर्ति के माध्यमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में गत दिवस आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त आयुष कुशवाह, द्वितीय स्थान प्राप्त निरुपमा मौर्य एवं तृतीय स्थान प्राप्त दिव्यांश जैन को संस्था एवं विद्यालय प्रवंधन के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।प्राचार्य संजय कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ शिक्षिका पूनम सक्सेना द्वारा वसुंधरा कुटुंबकम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समिति मानव जीवन को उन्नत करने,समाज को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों का बोध कराने के साथ ही स्वस्थ्य एवं सजग समाज निर्माण के क्षेत्र के सराहनीय कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार शर्मा,वरिष्ठ शिक्षिका पूनम सक्सेना,बसुंधरा संस्था की अध्यक्षा समीक्षा भार्गव, संजना धाकड़ एवं मयंक राठौर आदि उपस्थित थे।







