शिवपुरी। शहर से 8 किमी दूर स्थित ग्राम सिंहनिवास में स्थित तालाब में आज सुबह दो मगर मृत हालत में मिले। जिसकी जानकारी वन विभाग को लगी तो मौके पर कर्मचारी पहुंच गए। वहीं ग्रामीणों का हुजूम भी लग गया। यह अंदेशा है कि तालाब में मछली पकडऩे वाले लोगों ने पानी में जहर मिलाकर उनकी हत्या की। फिलहाल वन विभाग की टीम ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में मगर होने की सूचना पिछले लंबे समय से थी और कुछ मछुवारे तालाब से मछली पकडऩे का कार्य करते थे। जिन्हें हमेशा मगरमच्छों से जान का खतरा बना रहता था। आज सुबह ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी कि सिंहनिवास तालाब में लगभग 8 से 10 फीट के दो मगरमच्छ मृत अवस्था में पड़े हुए हैं जिनके शरीर फूल गए हैं और उनकी आंखों व मुंह से खून निकला हुआ है। इस सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तालाब से दोनों मगरों के शव बाहर निकाले। इसके बाद उनके शवों को वहां से उठाकर वन मण्डल कार्यालय ले गए जहां उनका पीएम कराया गया।







