- शारीरिक बीमारियों एवं मानसिक बीमारियों के निदानों पर हुई चर्चा
शिवपुरी। बसुंधरा कुटुंबकम शिक्षा प्रसार एवं जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जागरूकता शिविर का आज समापन हुआ। शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला एवं बच्चों की स्वास्थ्य सम्बंधी समस्याओं के निदान के लिये मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा विभिन्न बीमारियों से बचाव के तरीकों पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने अपने कार्य के दौरान आने वाली महिलाओं और बच्चों की समस्याओं से सम्बंधित प्रश्न किये,जिनके निदानात्मक सुझाव डॉक्टरों की टीम द्वारा दिया गया।
बसुंधरा कुटुंबकम के तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता शिविर में प्रथम दिवस मानवीय गुणों के विकास, मानवधर्म जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की गई।जिसमें होम्योपैथी चिकित्सक अभिषेक द्विवेदी ने मानसिकता के जीवन पर पडऩे वाले प्रभाव का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विश्लेषण करते हुए बताया कि व्यक्ति की सकारात्मक एवं नकारात्मक सोच जीवन के मायने बदल देती है।जहां सकारात्मक विचारों से उर्जा का संचार होता है वहीं नकारात्मक विचार मनुष्य को पतन की ओर ले जाते है।
शिविर के दूसरे दिन राष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम यादव एवं संजना धाकड़ के द्वारा आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं को विषम परिस्थितियों में मुशीबतों से हम अपने आपको कैसे बचा सकते है। उन्होंने ने उपलब्ध संशाधनों से आत्मरक्षा का तरीका सिखाया। जिसमें पैन, हेयर पिन आदि से कैसे बचाव किया जा सकता है इस पर जानकारी दी। कार्यक्रम में समीक्षा भार्गव ने बढ़ते साइवर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए उससे बचाव के तरीकों को सिखाया।
तीसरे एवं अंतिम दिन स्वस्थ्य समस्या निदान के तहत मेडिकल कॉलेज के सर्जरी डिपार्टमेंट के प्राध्यापक डॉ.रमन ओहरी, स्त्री रोग विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ.शैली सेंगर एवं होम्योपैथी डॉ.अभिषेक द्विवेदी द्वारा कार्यकर्ताओं को विभिन्न स्वस्थ्य संबंधी समस्याओं के निदानों से परिचय कराया।कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र की महिलाओं एवं बच्चों से सम्बंधित कुपोषण, एनीमिया एवं मासिकधर्म की अनियमितता आदि विषयों पर प्रश्न किये जिनके चिकित्सकों द्वारा निदान सम्बंधित सुझाव दिए।
शासकीय कन्या महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रियंका भार्गव ने महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण विषय पर व्याख्यान दिया।अरविंद धाकड़ ने शिक्षा के महत्व और उनसे मिलने वाली उपलब्धियों को बताया तथा मयंक राठौर द्वारा वसुंधरा कुटुंबकम के उद्देश्यों के बारे में बताते हुए कहा कि बसुंधरा कुटुंब एक उच्च शिक्षित युवाओं का संगठन है जो समाज मे व्यप्त सामाजिक एवं मानसिक बीमारियों को दूर करने के लिये प्रयासरत है।संस्था का उद्देश्य मानवीय गुणों के विकास हेतु समुदाय को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम समापन के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संभागीय संयुक्त संचालक सीमा शर्मा,जिला कार्यक्रम अधिकारी ओपी पांडेय, आंगनबाड़ी ट्रेनिंग सेंटर के निर्देशक पवन तिवारी,वनस्टॉप सेंटर की प्रशासक अंशु तिवारी,बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा,सहायक निर्देशिका माया मिश्रा एवं कमलेश शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद थीं।








