केदार सिंह गोलिया, शिवपुरी। करैरा अनुविभागीय अधिकारी उदय सिंह सिकरवार ने ग्राम पंचायत सिल्लारपुर में चंद्रभान सिंह सिसोदिया पुत्र होतम सिंह निवासी वार्ड 15 द्वारा अवैध रूप से संचालित क्रेशर को सील कर लगभग 15 डंपर गिट्टी जप्त की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सिलारपुर में पूर्व से संचालित क्रेशर जिसकी लीज सितंबर 2018 में समाप्त हो गई थी। जो सर्वे क्रमांक 1090 में थी। उसके बाद चंद्रभान सिंह सिसोदिया ने अपने निजी खाते के सर्वे नंबर 293, 300, 301, 302, 303, 304, 305, 306, 307 में कुल रकबा 1.72 हेक्टर लीज अक्टूबर 2018 में 10 वर्ष के लिए कराई थी। परंतु उक्त क्रेशर अपनी निजी भूमि में संचालित ना करते हुए शासकीय सर्वे नंबर 1090 में ही संचालित था। प्रशासन को जब इस बात की जानकारी लगी कि उक्त क्रेशर निजी भूमि में संचालित ना होकर शासकीय भूमि में संचालित किया जा रहा है। तो आज एसडीएम उदय सिंह सिकरवार, राजस्व निरीक्षक शैलेंद्र देव सेंगर, राजस्व निरीक्षक विनोद सोनी, पटवारी मोहन मेवाफरोश ने पहुंचकर मौके पर क्रेशर को सील कर दिया व लगभग 15 डंपर गिट्टी जप्त कर कार्यवाही प्रस्तावित की है।







