शिवपुरी। बैराड़ थाने पहुंचकर विगत 15 जून 2018 को रामनिवास पुत्र श्रीलाल रावत उम्र 52 साल निवासी वार्ड 7 भदेरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका ट्रेक्टर ट्रॉली सहित कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर से तत्समय पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 379 भादवि के तहत केस दर्ज कर विवेचना में ले लिया था। पुलिस ने चोरी गए ट्रेक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कल पुलिस अधीक्षक शिवपुरी राजेश हिंगणकर को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि उक्त घटना को अंजाम महिंद्रा ट्रैक्टर के चालक द्वारा अपने ट्रैक्टर से चुराया गया जो कि इस समय ग्राम धोबनी, थाना गोवर्धन में है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बैराड़ निरी. आलोक सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी सुग्रीव पुत्र नरेश धाकड़ उम्र 22 साल निवासी ग्राम बवनवास थाना अगरा जिला श्योपुर को घेराबंदी कर दबोचा गया। बाद में जब आरोपी से सख्ती से पूूछताछ की गई तो उसने उक्त ट्राली को अपने ट्रेक्टर क्रमांक एम.पी. 31 ए.ए. 9461 द्वारा चोरी कर ले जाना स्वीकार किया जिस पर से आरोपी की निशादेही पर बैराड़ पुलिस द्वारा प्रकरण में चोरी गई ट्राली मय ट्रैक्टर कुल कीमती 630000 रू के बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय पेश किया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बैराड़ निरी. आलोक सिंह भदौरिया, सउनि हरिओम शर्मा एवं आर. राम अवतार रावत की विशेष भूमिका रही।







