शिवपुरी। हमारे आसपास साफ-सफाई रहे और स्वच्छ वातावरण बना रहे इसका स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। यह संदेश देने के लिए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने भी झाड़ू पकड़ा और साफ सफाई की। उन्होंने स्वच्छता के प्रति संदेश दिया। उनके साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं नगर पालिका की टीम ने भी सफाई की। इस दौरान नगरपालिका की टीम लगाकर नालियों की सफाई कराई गई।
शनिवार की सुबह कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी और पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच.पी.वर्मा, अपर कलेक्टर आर.एस.बालोदिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर, एसडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ए.एल.शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सुंदरियाल, यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया। स्वच्छता अभियान पुराना बस स्टैंड से शुरू हुआ। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने बस स्टैंड के आसपास की कॉलोनियों का भी भ्रमण किया और नगर वासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
दुकानदार पर्यावरण हितैषी होली मनाने की शपथ
होली के त्योहार को आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ पर्यावरण हितैषी होली मनाने की सभी ने शपथ ली। सभी ने कहा कि हम होली के त्योहार पर हरे भरे वृक्षों को नहीं काटेंगे और लकडिय़ों का उपयोग नहीं करेंगे। हम होलिका दहन में कंडों का उपयोग करेंगे और ना केवल हम अपने घर में बल्कि हमारे पड़ोसियों एवं आसपास के सभी लोगों को भी पर्यावरण हितैषी होली मनाने के लिए प्रेरित करेंगे।






