शिवपुरी। उपचुनाव से पहले सौगातों का पिटारा लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर उप चुनाव से पहले पोहरी और करैरा में आ रहे हैं। इस दौरान भूमि पूजन, शिलान्यास, लोकार्पण के कई कार्यक्रम होंगे। माना जा रहा है कि सौगातों के रास्ते से मतदाताओं को रिझाने की कोशिश में भाजपा जुट गई है। शिवराज और सिंधिया के साथ आने से कार्यकर्ताओं में भी जोश का उबाल आ सकता है। अब तक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेता अलग अलग नजर आ रहे थे जिन्हें कुछ हद तक करीब लाने की कोशिश केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के शिवपुरी दौरे के दौरान कामयाब होती दिखी थी, जब सिंधिया के साथ भाजपा में आए नेता होटल पर आयोजित बैठक में शामिल हुए थे। एक बार फिर जब जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने में माहिर माने जाने वाले दोनों नेता एक साथ आ रहे हैं ऐसे में उप चुनाव के पहले भाजपा माहौल बनाने में जुट गई है। मुख्यमंत्री के साथ जिन नेताओं के आने की बात लोनिवि राज्यमंत्री सुरेश रांठखेड़ा ने कही हैं उनमें प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सांसद विवेक शेजवलकर, ग्रह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट आदि के नाम शामिल हैं।
12 बजे पोहरी आएंगे, 2 बजे करैरा
मुख्यमंत्री चौहान सहित अन्य नेता 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पोहरी पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद 1.30 बजे पोहरी से करैरा के लिए प्रस्थान करेंगे। करैरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे करैरा से डबरा के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके आगमन को लेकर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने दोनों ही जगह पहुंचकर एसपी राजेश चंदेल के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पोहरी को मिलने जा रही यह सौगात
राज्यमंत्री सुरेश रांठखेड़ा की पहल पर पोहरी विधानसभा क्षेत्र में जो सौगात मिलने जा रही हैं, उनमें जल संसाधन विभाग की ओर से सरकुला मध्यम सिंचाई परियोजना 271 करोड़, आंकुर्सी स्टॉप डैम 3.31 लाख, ग्राम रांठखेड़ा 2. 54 करोड और ग्राम छर्च में 2.85 करोड विद्युत सब स्टेशन, चकराना और ग्राम रसेरा में अलग अलग सब स्टेशन, परिच्छा से बमरा, झिरी से परिच्छा, शिवपुरी श्योपुर रोड से अतवई वाया चकराना, बछौरा तथा बूडदा से गहलोनी कुंअरपुर रोड, सेवाखेड़ी से अतवेई, रंधीर से अमरपुरा, पिपरघार से भोजपुर, ऐनपुरा से ढींगपुरा, मारौरा खालसा से रसैरा, वैधारी से टोंका, रातिकिरार से बसई, बीलवरा माता से टोरिया मार्ग, रानीपुरा से रिजौदा वाया रांठखेड़ा मार्ग का भूमिपूजन होगा। ग्राम महलौनी में नल जल योजना, 35 गौशाला, सुदूर सड़क निर्माण 23, आंगनबाड़ी भवन निर्माण 19 का निर्माण 303.38 करोड़ से किया जाएगा। बिलौआ में हाईस्कूल भवन, धौलागढ़ में हायर सेकंडरी स्कूल, झिरी में हायर सेकंडरी स्कूल, मुढैरी, कुंअरपुर, गुरावल, झलवासा, टोड़ा, बमरा, सालौदा में नल जल योजना का भूमिपूजन किया जाएगा।







